Sunday, April 28सही समय पर सच्ची खबर...

बांदा में प्रियंका गांधी हिरासत मामलेे में धरने पर जमे कांग्रेसियों ने सरकार को बताया संवेदनहीन

समरनीति न्यूज, बांदाः सोनभद्र में हुए नरसंहार में मारे गए लोगों परिजनों से मिलने सोनभद्र जाते समय कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव को प्रशासन ने शुक्रवार को हिरासत में ले लिया था। इसको लेकर सूबे में कांग्रेसियों में उबाल आ गया है। बांदा में भी शुक्रवार को कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार का पुतला जलाया और शनिवार को भी धरने पर बैठे रहे। धरने पर बैठे कांग्रेसियों की अगुवाई कर रहे जिलाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने कहा कि यह प्रदेश सरकार की संवेदनहीनता है कि मृतक परिजनों से न तो मुख्यमंत्री मिलने गए और न ही कोई मंत्री।

पुतला जलाने के बाद से धरने पर हैं कांग्रेसी 

इतना ही नहीं कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी जब सोनभद्र में मृतक परिजनों से मिलने जा रही थीं तो प्रदेश सरकार के इशारे पर अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। वह अभी तक वह पुलिस हिरासत में हैं। कहा कि उनकी नेता को सोनभद्र में मृतक परिजनों से मिलने दिया जाए। इसके साथ ही मृतक परिजनों को मुआवजा, नौकरी और उनके खेतों पर वापस कब्जा दिलवाया जाए।  श्री शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार कह रही है कि यह कांग्रेस के समय का मामला है, इतना कह देने से जिम्मेदारियों से पल्ला नहीं झाड़ा जा सकता।

ये भी पढ़ेंः प्रियंका गांधी को हिरासत में लेने पर भड़के कांग्रेसी, कानपुर-बांदा समेत कई जगह प्रदर्शन, पुतले फूंके

यह बहुत ही शर्मनाक बात है कि एक दबंग तकरीबन 25 से 30 ट्रैक्टरों में जाकर गांव के लोगों पर गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर देता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि सूबे की भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त होकर रह गई है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला के अलावा संतोष कुमार द्विवेदी, सुमन शुक्ला, अल्ला रक्खू, गंगा विष्णु मिश्र, शिवमंगल प्रसाद निष्खाद, रामपाल अवस्थी, संतराम सिंह पटेल, जिलानी दुर्रानी, गजेंद्र सिंह पटेल, पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, राशिद अली, ज्ञानी प्रसाद सविता, धीरेंद्र प्रताप पटेल, लीला सोनी, सुनील सविता, सद्दाम खां, लल्लू प्रजापति, राममिलन सिंह पटेल, मोहम्मद अजीम, शादाब हुसैन, अल्पसंख्यक चेयरमैन जहांगीर समेत तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ेंः 24 घंटे से गेस्ट हाउस में बंधक प्रियंका गांधी, कहा- जमानत नहीं लूंगी चाहे जेल भेज दें, तृणमूल नेता भी पहुंचेंगे