Tuesday, April 30सही समय पर सच्ची खबर...

बाइक से सादे कपड़ों में सड़क सुरक्षा की हकीकत परखने निकले आईजी आलोक सिंह तो उड़े यातायात पुलिस के होश..

समरनीति न्यूज, कानपुरः सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत यातायात नियमों के पालन की हकीकत और पुलिस द्वारा नियमों का कितना पालन कराया जा रहा है, यह देखने के लिए कानपुर के आईजी आलोक सिंह खुद सादे कपड़ों में बाइक से शहर में घूमे। बिना किसी सूचना और बिना किसी मैसेज के आईजी श्री सिंह, सादे कपड़ों में एक पुलिस कर्मी के साथ बाइक से शहर की यातायात व्यवस्था की कई घंटे तक हकीकत परखते रहे।

हेलमेट लगाकर बुलट पर पीछे बैठे आईजी आलोक सिंह।

कई जगहों यातायात पुलिस कर्मियों को रोककर फटकारा भी। अचानक आईजी को सामने देखकर खुद यातायात पुलिस के जवान और थानेदार यह समझ ही नहीं पाए कि आखिर यह सबकुछ हुआ कैसे। आईजी श्री सिंह ने लापरवाही पर यातायात पुलिस के जवानों को फटकार भी लगाई।

ट्रैफिक पुलिस निरीक्षक से जानकारी लेते आईजी आलोक सिंह।

बड़ा चौराहा, जरीब चौकी, विजयनगर पहुंचे 

इस दौरान आईजी श्री सिंह ने शहर के राकेट तिराहा, बड़ा चौराहा, जरीब चौकी, सीटीआई, अफीमकोठी चौराहा पर ट्रैफिक पुलिस की कार्यवाही को देखा। साथ ही एक पुलिस कर्मी को सादे कपड़ों में बिना हेलमेट, ईयरफोन लगाकर आगे भेजा तो पाया कि यातायात पुलिस द्वारा उसका चालान भी नहीं किया गया। इसके बाद आईजी श्री सिंह ने यातायात निरीक्षक को बुलाकर फटकार लगाई।

टेस्ट एफआईआर के दौरान बाइक स्टैंड पर खड़े आईजी आलोक सिंह व्यवस्था देखते हुए।

लोगों से अलग से गोपनीय ढंग से बात की  

आईजी आलोक सिंह ने विजयनगर चौराहे पर पहुंचकर वहां चालान किए गए लोगों से अलग से गोपनीय ढंग से बात की। उनसे पुलिस द्वारा किसी तरह के अनुचित व्यवहार की जानकारी ली। हालांकि किसी तरह के अनुचित व्यवहार की बात सामने नहीं आई।

चौराहे पर खड़े होकर यातायात व्यवस्था परखते आईजी आलोक सिंह।

सिपाही को भेजकर टेस्ट एफआईआर कराई  

आईजी श्री सिंह एक सिपाही के साथ डिग्गी से 50 हजार चोरी की रिपोर्ट लिखवाने के लिए रायपुरा थाने में भेजा, जबकि खुद थाने के बाहर वाहन स्टैंड पर खड़े होकर नजर रखे रहे। इस तरह कानपुर शहर की यातायात व्यवस्था को बारीकि से देखा और परखा। साथ ही बताया जाता है कि आईजी आलोक सिंह द्वारा शाम को एसपी वेस्ट के साथ यातायात कर्मियों की क्लास ली जाएगी।

ये भी पढ़ेंः खनिज निदेशक रोशन जैकब का बांदा की खदानों पर छापा, अवैध खनन मिलने पर विवादित खनिज अधिकारी शैलेंद्र सिंह निलंबित..