Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

मां की मौत पर संपत्ति को लेकर पांच बहनों में बीच सड़क पर जूते-लात, बुलानी पड़ी फोर्स

समरनीति न्यूज, डेस्कः संपत्ति के बंटवारे को लेकर बेटों के बीच मारपीट, विवाद और हत्याओं के मामले तो आपने खूब सुनीं सुने-पढ़े होंगे, लेकिन आज हम आपको एक ऐसी घटना के बारे में बताने जा रहे हैं जो आपको भी चौंका देगी। मां की मौत के बाद उसकी संपत्ति के बंटवारे को लेकर 5 सगी बहनों में बीच सड़क पर जमकर जूते-लात चले। सड़क पर फजीते पर उतारू इन बहनों में बीच-बचाव करना खुद पुलिस को मुश्किल हो गया। बाद में फोर्स बुलाकर पांचों को अलग-अलग किया गया। तब जाकर मामला सुलटा। यह घटनाक्रम देवरिया जिले का है।

देवरिया जिले से जुड़ा है पूरा मामला  

बताते हैं कि देवरिया के भटनी थाना क्षेत्र के ग्राम सिसवा निवासी मंगलतारी देवी की छह बेटियां आशा देवी, सीमा देवी, माधुरी देवी, बेबी देवी, ममता देवी, पुष्पा देवी हैं। इनमें से पुष्पा का निधन हो चुका है जबकि बाकी पांच जीवित हैं। स्व. मंगलतारी देवी रेलवे अस्पताल में कर्मचारी थीं। अगस्त 2018 में उनका निधन हो गया। इसके बाद ही पांचों सगी बहनों में उनकी संपत्ति को लेकर विवाद शुरू हो गया। मामला आपस में नहीं सुलटा तो सीमा और माधुरी ने बराबर-बराबर रुपए बांटने के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल कर दिया है।

रेलवे अस्पताल में कर्मचारी थीं मां 

पांचों बहनें गुरुवार को देवरिया आईं और अधिवक्ता से मुलाकात करने के बाद कचहरी चौराहे पर पहुंचीं थीं। इसी बीच पैसे को लेकर एक बार फिर पांचों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते पांचों बहनें मारपीट करने लगीं। महिलाओं को बीच सड़क पर लड़ते देख वहां मौजूद यातायात उप निरीक्षक रामवृक्ष यादव पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और बीच-बचाव की कोशिक करने लगे। हांलाकि वह बीच-बचाव नहीं करा पाए। बाद में फोर्स बुलवाकर सभी को अलग किया गया। इसके बाद माधुरी देवी, सीमा, ममता, बेबी को पुलिस कोतवाली लेकर चली गई। इस बाबत उप निरीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि बहनों के बीच रुपए को लेकर विवाद है। उसी में मारपीट हुई है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़ेंः सीबीआई के खनिज अधिकारी मोइनुद्दीन के ठिकानों पर छापे से बांदा के करोड़पति ‘बाबुओं’ की उड़ी नींद