Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

भाजपा विधायक के फिर बिगड़े बोल, सीएम योगी को बताया कलयुग का हनुमान, ममता को राक्षस

समरनीति न्यूज, लखनऊः महिला नेताओं के प्रति विवादित बयान देने के लिए पहचाने जाने वाले भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने फिर विवादित बोल, बोले हैं। अबकी बार उन्होंने अपने विवादित बयान से पूरी की पूरी रामायण ही रच डाली है। बलिया के बैरिया से विधायक सुरेंद्र सिंह ने पीएम मोदी को राम तो सीएम योगी को कलयुग का हनुमान बताया है। वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को राक्षस कहा डाला है। सुरेंद्र ने कहा है कि मोदी और योगी ने राम-हनुमान का अवतार ले लिया है। इसलिए 2024 तक भारत हिंदू राष्ट घोषित हो जाएगा।

अपने नेताओं को खुश करने में नहीं छोड़ी कसर  

अपने नेताओं को खुश करने के लिए भाजपा विधायक ने पीएम मोदी और योगी के सम्मान में खूब बाते कीं, यहां तक तो ठीक था लेकिन वहीं ममता बनर्जी की तुलना राक्षसों से कर दी। कहा, “पहले जमाने में राक्षस और राक्षसिनी होती थीं लेकिन आज वो परंपरा समाप्त हो गई। अब वो लोग दिखते नहीं हैं। अब इंसान के रूप में ही राक्षसी परंपरा के लोग हैं। ममता बनर्जी भी इसी परंपरा की हैं। कहा कि जैसे लंकिनी ने हनुमान जी को रोका था वैसे ही ममता बनर्जी, राम (मोदी) और हनुमान (योगी) को रोक रही थीं। कहा कि अब लंकिनी का नाश हो जाएगा। बंगाल में बीजेपी विभीषण तलाश रही है।”

मायावती और राहुल पर भी साधा निशाना 

विधायक सिंह ने बसपा प्रमुख मायावती और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एसपी-बीएसपी गठबंधन को लेकर कहा कि मायावती बोल कह रहीं हैं कि डंडे भी मारूंगी और प्रेम भी बना रहेगा। कहा कि माया को सिर्फ पैसा चाहिए। विधायक ने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके भाग्य में प्रधानमंत्री बनना नहीं लिखा है।

विवादों से विधायक सुरेंद्र का पुराना नाता  

विधायक सुरेंद्र का विवादों से पुराना नाता है, खासकर महिला नेताओं के प्रति उनकी अभद्र बयानबाजी को लेकर पहले भी उनकी काफी आलोचना हो चुकी है। वह सोनिया गांधी और सपना चौधरी को लेकर अमर्यादित बयान दे चुके हैं तो कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को शूर्पणखा बता चुके हैं। इसके अलावा मुस्लिम समाज को लेकर भी भड़काऊ बयान देने के लिए जाने जाते हैं। उन पर आचार संहिता उल्लंघन के मामले भी दर्ज हुए थे।

ये भी पढ़ेंः भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह का सोनिया गांधी-सपना पर घटिया बयान, महबूबा बोलीं-दुस्साहस शीर्ष मंजूरी से, चारों ओर हो रही आलोचना