Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

बांदा पुलिस ने पेश की इंसानियत की मिसाल, जली महिला को चारपाई पर उठाकर पहुंचाया अस्पताल

बांदा के नरैनी क्षेत्र के गांव बल्दूपुरवा में जली महिला को चारपाई पर उठाकर ले जाते पुलिसकर्मी।

समरनीति न्यूज, बांदाः बुंदेलखंड के बांदा जिले की पुलिस ने आज बावर्दी इंसानियत की ऐसी शानदार मिसाल पेश की, कि इसे जिसने भी सुना और जिसने भी देखा। वह बिना तारीफ किए नहीं रह सका। दरअसल, पुलिस की 100 नंबर गाड़ी को सूचना मिली कि थाना नरैनी क्षेत्र के ग्राम बल्दूपुरवा में एक महिला ने खुद को आग लगा ली है। आत्महत्या के प्रयास की इस घटना की जानकारी होने पर पीआरवी-800 व स्थानीय थाने की कोबरा मोबाइल के पुलिस कर्मचारी गांव की ओर दौड़ गए।

एसपी करेंगे सम्मानित 

लेकिन वहां वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। इसका कारण आग से बुरी तरह से जली महिला के घर तक वाहन के पहुंचने का रास्ता न होना था। ऐसे में पुलिसकर्मी पैदल ही महिला के घर तक पहुंचे और वहां महिला की चारपाई को अपने कंधे पर उठाकर अपने वाहन की ओर चल पड़े।

ये भी पढ़ेंः बुंदेलखंडः चित्रकूट में एसपी से लेकर सिपाही तक ने दिखाई मानवता, गरीब की झोली में 52,600 की मदद

पुलिस वालों में कर्तव्य के प्रति इस निष्ठा को देखकर गांव के लोग भी दंग रह गए। अगर पुलिस वाले चाहते तो गांव के लोगों से मदद को कह सकते थे लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया और खुद ही तेजी दिखाते हुए यह काम किया। गांव के लोग देर तक उनकी प्रशंसा करते रहे। बाद में पुलिस कर्मियों की यह तस्वीर भी वायरल हो गई। खुद पुलिस अधीक्षक ने अपने जवानों के इस मानवतापूर्ण कार्य की प्रशंसा की।

ये भी पढ़ेंः महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, आ रहीं हैं उनके लिए खास ‘रानी लक्ष्मीबाई’ महिला स्पेशल बसें

साथ ही इन पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की घोषणा की। इन पुलिस कर्मियों में डायल-100 पीआरपी-800 में नियुक्त मुख्य आरक्षी मार्कण्डेय मिश्रा, आरक्षी सुनील दत्त, आरक्षी सुनील कुमार तथा कोबरा मोबाइल थाना नरैनी में नियुक्त आरक्षी रोहित यादव व संतोष कुमार शामिल रहे। इन सिपाहियों ने बेहद सराहनीय काम किया।