Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

बुलंदशहर में दर्दनाक हादसा-सात लोगों को बस ने रौंदा, सभी की मौत

7 killed after being crushed by bus in Bulandshahr

समरनीति न्यूज, डेस्कः आज तड़के सुबह यूपी के बुलंदशहर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। इसमें सड़क किनारे सो रहे सात श्रद्धालुओं को बस ने रौंद दिया। इससे तीन बच्चियों समेत सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक फरार हो गया, जबकि बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। यह हादसा बुलंदशहर में नरौरा के गांधी गंगा घाट के पास हुआ। हादसे में मारे गए लोगों के प्रति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है। वहीं परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा भी की है।

वैैष्णों देेवी दर्शन से लौट रहे थे सभी

बताया जाता है कि वैष्णों देवी के दर्शन करके हाथरस जिले के थाना चंदप इलाके के रहने वाले एक परिवार के कुछ लोग और उनके रिश्तेदार आज सुबह लौट रहे थे। इस दौरान वे लोग बुलंदशहर के गांधी गंगा घाट पर बस से उतरकर सुबह करीब ढाई बजे किनारे जाकर सो गए। इनमें तीन बच्चियां और चार महिलाएं शामिल थीं। सुबह करीब 4 बजे एक दूसरी तीर्थ यात्रियों की बस वहां से गुजरी और सभी सात लोगों को कुचलते हुए निकल गई।

ये भी पढ़ेंः मौलवी ने कबूला गुनाह, महिला पुलिसकर्मी से किया था रेप

इससे तीनों मासूम बच्चियों और चार महिलाओं समेत सातों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक ढंग से मौत हो गई। मौके पर रिश्तेदारों की चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया। सीओ डिबाई विक्रम सिंह व एसडीएम संजय कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को संभाला। साथ ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

इन लोगों की हुई मौत

  • फूलवती (65) पत्नी महेंद्र सिंह निवासी मोहनपुर, थाना चंदपा, हाथरस।
  • माला देवी (32) पत्नी उदयवीर निवासी मोहनपुर थाना चंदपा, हाथरस।
  • कल्पना (3) पुत्री उदयवीर निवासी मोहनपुर थाना चंदपा, हाथरस।
  • शीला देवी (35) पत्नी सरनाम सिंह निवासी परमेश्वर गेट थाना दक्षिण फीरोजाबाद।
  • योगिता (5) पुत्री सरनाम सिंह निवासी परमेश्वर गेट, थाना दक्षिण फीरोजाबाद।
  • रेनू पत्नी जितेंद्र (22) निवासी हरदुआगंज, अलीगढ़।
  • संजना (4) पुत्री जितेंद्र निवासी हरदुआगंज, अलीगढ़।

ये भी पढ़ेंः आगरा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, 7 की मौत और 33 घायल, बचाव कार्य जारी