Wednesday, May 1सही समय पर सच्ची खबर...

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में राहुल, अमित शाह जैसे दिग्गज मैदान में, पीएम मोदी ने डाला वोट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी।

समरनीति न्यूज, पॉलिटिकल डेस्कः देश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण लिए मतदान जारी है। इस दौरान यूपी, केरल और गुजरात समेत देश की कुल 117 सीटों पर मतदाता अपने मतों का उपयोग कर रहे हैं। इस दौरान 14 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की सीटों में चुनाव चल रहा है। तीसरे चरण के मतदान में करीब 18.56 करोड़ मतदाताओं द्वारा अपने मतो का उपयोग किए जाने की संभावना है। चुनाव आयोग ने 2.10 लाख मतदान केंद्र बनाते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस तरह में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों की किस्मत का फैसला होना है। आज के मतदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गुजरात की गांधीनगर सीट पर मतदान किया।

आडवाणी, जेटली और शाह जैसे वीवीआईपी वोटर भी 

इस चरण में कई अन्य वीवीआईपी मतदाता भी हैं। इनमें पीएम मोदी के अलावा अमित शाह, लालकृष्ण आडवाणी, वित्तमंत्री अरुण जेटली जैसे नेता शामिल हैं। आज तीसरे चरण में गुजरात की 26 और केरल की 20 तथा महाराष्ट्र की 14, कर्नाटक -14, यूपी की 10, छत्तीसगढ़- 7, ओडिशा- 6, बिहार- 5, पश्चिम बंगाल- 5, असम- 4, गोवा- 2, जम्मू-कश्मीर, दादर नागर हवेली, दमन दीव और त्रिपुरा की 1-1 सीट पर चुनाव हो रहा है।

यूपी में इन दिग्गजों की किस्मत का होगा फैसला

यूपी में लोकसभा की कुल 10 सीटों पर आज तीसरे चरण में मतदान चल रहा है। इनमें कई दिग्गजों की किस्मत का फैसला हो रहा है। आइए जानते हैं कि किन-किन की किस्मत का होगा फैसला। मुरादाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा ने इस सीट से जहां मौजूदा सांसद सर्वेश सिंह को उतारा है। वहीं सपा से डॉ एसटी हसन चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से युवा शायर इमरान प्रतापगढ़ी चुनाव मैदान में हैं। बताते चलें कि 2014 की मोदी लहर में भाजपा ने पहली बार मुरादाबाद सीट को जीता था। इस सीट पर लगभग 45 प्रतिशत मुस्लिम मतदाता हैं।

रामपुर सीट पर रौचक है मुकाबला 

रामपुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी से आजम खां और भाजपा ने जयाप्रदा के बीच मुकाबला है। कांग्रेस ने संजय कपूर को टिकट देकर मैदान में उतारा है। यहां 50 प्रतिशत मुस्लिम मतदाता हैं। 2014 के चुनाव में भाजपा महज 23 हजार वोटों से जीती थी। कांग्रेस के नबाब नाजि़म अली को डेढ़ लाख वोट और बसपा के अकबर हुसैन को 81 हजार मत मिले थे।

बदायूं समाजवादी पार्टी का गढ़ 

बदायूं लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी का गढ़ है। इस सीट से धर्मेंद्र यादव सांसद हैं और दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी संघमित्रा मौर्य उनके खिलाफ भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। यहां सपा और मुस्लिम वोटरों की बहुलता बताई जाती है। संभल लोकसभा सीट से सपा के शफीकुर्रहमान वर्क का मुकाबला भाजपा के परमेश्वर लाल सैनी से है। कांग्रेस ने फजले मसूद को मैदान में उतारा है।

ये भी पढ़ेंः लोकसभा – 2019 – 7 चरणों में होंगे चुनाव, 23 मई को आएंगे नतीजे

मुलायम सिंह यहां से दो बार चुनाव लड़ चुके हैं। मैनपुरी लोकसभा सीट से फिर मुलायम सिंह यादव ही मैदान में हैं। भाजपा ने प्रेम सिंह शाक्य चुनाव लड़ रहे हैं जोकि पिछले चुनाव में भी सपा से हार चुके हैं। पीलीभीत से भाजपा ने इस बार वरुण गांधी को मैदान में उतारा है। 1989 से यह सीट मेनका या वरुण के पास ही रही है। इस सीट पर हिंदू वोटरों के साथ-साथ मुस्लिम वोटरों का भी असर देखा जाता है। इस सीट पर लगभग 17 लाख मतदाता हैं। इनमें 30 प्रतिशत मुस्लिम हैं।

बरेली से संतोष गंगवार और भगवत शरण में मुकाबला 

बरेली सीट पर भाजपा के संतोष गंगवार का कब्जा रहा है। संतोष गंगवार यहां 1989 से लगातार जीत रहे हैं। सपा ने यहां भगवत शरण गंगवार और कांग्रेस ने प्रवीण सिंह को टिकट दिया है। फिरोजाबाद में समाजवादी पार्टी की ओर से अक्षय यादव चुनाव लड़ रहे हैं। उनके खिलाफ उनके चाचा शिवपाल यादव मैदान में हैं। भाजपा ने चन्द्रसेन को मैदान में उतारा है। इसी तरह आंवला लोकसभा सीट से भाजपा की ओर से मौजूदा सांसद धर्मेंद्र कुमार तो बीएसपी से रुची वर्मा चुनाव लड़ रही हैं।

ये भी पढ़ेंः राहुल गांधी का मास्टरस्ट्रोक, दुनिया की सबसे बड़ी न्यूनतम आय योजना लाकर गरीबों को देंगे 72 हजार सालाना