Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

बांदा में पिता की जान बचाने वाली खुशी गोली लगने से गंभीर हालत में कानपुर रेफर, आरोपी को जेल

बांदा में पिता की जान बचाने के दौरान गोली लगने से घायल हुई 10वीं की छात्रा खुशी।

समरनीति न्यूज, बांदाः जिले के अतर्रा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने बेटे की मौत का बदला लेने के लिए दूसरे व्यक्ति पर गोली चला दी। इस दौरान पिता को बचाने बीच में आई बेटी को गोली लगी। इसके बाद गोली मारने वाला आरोपी वहां से निकल भागा। बाद में पुलिस जब उसे पकड़ने गई तो उसने पुलिस पार्टी पर भी लगभग 17 राउंड गोलियां चलाईं। हांलाकि पुलिस ने खुद को बचाते हुए आरोपी को धर-दबोचा। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है। वहीं घायल लड़की का जिला अस्पताल में इलाज के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया है।

पकड़ने पहुंची पुलिस पर चलाई 17 राउंड गोलियां  

बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के बल्लान गांव निवासी नरेंद्र सिंह अपनी बेटी खुशी (16) के साथ घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान ग्राम प्रधान का चाचा एवं गांव का ही भंजन सिंह अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर वहां पहुंचा। उसने नरेंद्र सिंह पर गोली चला दी।

ये भी पढ़ेंः आनरकिलिंगः बायफ्रेंड से बात कर रही बेटी को बाप ने गोली से उड़ाया, घर में छिपाए रखी लाश

पिता पर गोली चलते देख उसको बचाने के लिए बेटी खुशी बीच में आ गई। गोली खुशी के पैर में जा लगी। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। परिवार के लोगों ने खुशी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहां उसका इलाज चल रहा है।

गोली मारने का आरोप भंजन सिंह।

भागकर पुलिस ने बचाई जान 

उधर, घटना की जानकारी होने पर जब कोतवाली प्रभारी अतर्रा, दिनेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे को आरोपी ने उनके और पुलिस टीम के उपर भी गोली चला दी। पुलिस पार्टी ने खुद को बचाते हुए किसी तरह आरोपी गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी ने उसके कब्जे से लाइसेंसी बंदूक व खोखे भी बरामद किए हैं।

ये भी पढ़ेंः .. तो क्या गुनाह था इस बेटी का, ठीक से आंख भी न खोल सकी और पिता ने ले डाली जान

कोतवाली प्रभारी ने कहा कि पुलिस पार्टी पर गोली चलाने के आरोप में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं घायल लड़की के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद एक और मुकदमा लिखा जाएगा। कहा कि दोषि के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताते हैं कि आरोपी ने यूपी-100 के टीम के सिपाही सुनील पर भी गोलियां चलाई थीं।

बेटे की हत्या के बदले का जुनून 

बताते हैं कि भंजन सिंह के छोटे बेटे मनोज की कुछ दिन पहले संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। उसका शव पेड़ से लटका मिला था। पुलिस ने बबेलू के पेड़ से उसका शव बरामद किया था। आरोपी का कहना है कि उसके बेटे की हत्या नरेंद्र सिंह ने की है और पुलिस ने उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी है। वहीं पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। बहरहाल, घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।