Wednesday, May 8सही समय पर सच्ची खबर...

उन्नाव में छेड़छाड़ ही नहीं महिला से हुआ था गैंगरेप, सामने आई पीड़िता ने खोला राज, 3 गिरफ्तार

उन्नाव में महिला से छेड़खानी करते दरिंदों की तस्वीर।

समरनीति न्यूज, उन्नावः जिले में एक महिला से छेड़खानी वीडियो बनाकर वायरल करने वाले मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो में दिख रही महिला को भी पुलिस ने ढूंढ निकाला है। डरी-सहमी महिला ने आरोपियों के डर और वीडियो के भय से पुलिस से मामले की शिकायत नहीं की थी। पीड़ित महिला का कहना है कि घटना वाले दिन चार युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया था। पीड़ित उन्नाव के ही एक गांव की रहने वाली है।

इस प्रकरण में उन्नाव के गंगाघाट (शुक्लागंज) थाने में थानाध्यक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की संख्या कुल छह बताई जा रही है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि तीन अन्य फरार बताए जा रहे हैं। घटना को लेकर राजधानी लखनऊ से डीआईजी ला एंड आर्डर ने बयान दिया है कि मामले में महिला के आरोपों के आधार पर दोषियों के खिलाफ गैंगरेप की धारा बढ़ा ली गई है।

उन्होंने कहा है कि पीड़िता के 164 के बयान दर्ज कराए जाएंगे। इतना ही नहीं उन्होंने कहा है कि तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। पीड़िता का मेडिकल करवाया जा रहा है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनसे और पूछताछ होगी।

क्या है पूरा मामलाः 

गत दिवस उन्नाव में एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया था। वीडियो में तीन युवक एक महिला को जबरन घसीटकर ले जा रहे थे और एक पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहा था। महिला उनके आगे खुद को छोड़ने के लिए गिड़गिड़ा रही थी और तीन युवक उसको गालियां देते हुए शारीरिक संबंध बनाने को कह रहे थे। महिला लगातार मना कर रही थी और वीडियो बनाने को मना कर रही थी लेकिन युवक दरिंदगीपूर्ण व्यवहार कर रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई थी और बाद में राजधानी से उच्चाधिकारियों ने भी मामले में हस्तक्षेप किया और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

इसके बाद मामले को लेकर हड़कंप मच गया था। पुलिस ने आखिरकार वीडियो अपलोड करने वाले आरोपियों का पता लगा लिया। इतना ही नहीं पीड़ित महिला को भी ढूंढ निकाला। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के डर और वीडियो वायरल होने के भय से उनसे किसी को कुछ नहीं बताया था।