Friday, May 3सही समय पर सच्ची खबर...

अजब मोहब्बतः पांच बच्चों की मां प्रेमी संग रहने पर अड़ी, नहीं पसीजा दिल

समरनीति न्यूज, सीतापुर : मोहब्बत भी ऐसी चीज है कि जो न जाने क्या-क्या गुल खुला देती है। जिले के पिसावां थाना क्षेत्र में एक अजब मोहब्बत  का मामला सुर्खियों में आया है। एक महिला ने प्रेमी के साथ रहने के लिए अपने पांच बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ दिया। पहले वाला पति युवती से गुजारिश करता रहा, लेकिन मोहब्बत में इस कदर पागल थी कि उसका दिल नहीं पसीजा। चार घंटे मनाए के बाद भी वह नहीं मानी और प्रेमी के साथ रहने की जिद्द पर अड़ी रही।

एक साल पहले भागी थी प्रेमी संग, पहले पति के कहने पर पुलिस पकड़ लाई थाने 

उसने बच्चों की बजाए प्रेमी को ही चुना। पिसावां क्षेत्र के बरगावां निवासी राम अवतार की पत्नी बीना 1 वर्ष पूर्व पति व बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। तबसे राम अवतार बच्चों को अकेले पाल रहा है। शनिवार को राम अवतार को पता चला कि उसकी पत्नी बीना क्षेत्र के ही बहादुरनगर गांव में अपने प्रेमी फूलचंद्र के साथ रह रही है।

वापस लौट चलने के लिए रोता-गिड़गिड़ाता रहा पहला पति 

इस पर राम अवतार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस फूलचंद्र व बीना को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस ने राम अवतार व उसके सभी बच्चों को भी थाने बुलाया। ताकि महिला का मन बदल जाए तो अपने पति और बच्चों के साथ रहने लगेगी।

पुलिस ने बीना से पूछा कि वह कहां रहना चाहती है। इस पर बीना ने कहा कि वह अपने प्रेमी फूलचंद्र के साथ ही रहना चाहती है। इस दौरान उसके बच्चे भी उससे लिपटने लगे और रो-रोकर मां घर चलों की बात कहने लगे। लेकिन महिला बीना ने उनको झिड़क दिया और प्रेमी संग रहने की अपनी बात पर अडिग रही।

बच्चे भी मां से चिपटकर रोने लगे तो झिड़क कर  दिया उनको अलग 

महिला ने पुलिस से कहा कि फूलचंद्र ही उसका असली पति है। वह राम अवतार व उसके बच्चों के साथ नहीं रहना चाहती। काफी प्रयास के बाद भी बात नहीं बनी तो पुलिस ने लिखित समझौता करा दिया। इसके बाद बीना अपने प्रेमी के साथ चली गई। जबकि राम अवतार मायूस होकर अपने बच्चों को लेकर घर चला गया।

पांचों बच्चों का अकेला पति ही कर रहा है पालन-पोषण

बताते हैं कि बीना के पहले पति रामअवतार से पांच लड़के व दो लड़कियां हैं। इनमें दो बच्चों की मौत हो चुकी है। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया है कि महिला अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। इसलिए उसकी इच्छा को तवज्जो दी गई।