Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

20 जुलाई को थम जाएंगे ट्रकों के पहिए, ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल से चक्का जाम

समरनीति न्यूज, कानपुरः डीजल के बढ़े दामों और मोटर इंश्योरेंस नियमों में हुए बदलाव के विरोध में शुक्रवार सुबह 6  बजे के बाद से ट्रकों के पहिए थम जाएंगे। ट्रांसपोर्टर्स की इस हड़ताल का असर व्यापारियों, उद्यमियों और आम आदमी पर पडऩा तय है, क्योंकि इससे कई जरूरी चीजों की सप्लाई बाधित हो जाएगी। ट्रांसपोर्टर्स की स्ट्राइक का कई व्यापारिक संगठनों ने भी सपोर्ट किया है। अभी स्ट्राइक से खाने पीने की जरूरी चीजों की सप्लाई को बाधित नहीं किया गया है। गुरूवार को ट्रांसपोर्टर्स के सभी संगठनों की एक बैठक होगी। जिसके बाद रात को ट्रकों के पहिए थम जाएंगे।

प्रतिकात्मक फोटो।

हड़ताल को मिला इनका समर्थन   

ट्रांसपोर्टर्स की इस हड़ताल में यूपी मोटर ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन, यूपी युवा ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन, लोकल ट्रक ऑपरेटर्स यूनियन का समर्थन है। संगठन की ओर से सभी ट्रांसपोर्टर्स को अपने बाहर गए ट्रकों के ड्राइवरों को भी सुबह 6 बजे के बाद सुरक्षित जगहों पर अपने ट्रक रोक देने के लिए कहा गया है। इसका सीधा असर नयागंज, कलक्टरगंज, कोपरगंज समेत शहर के प्रमुख बाजारों पर पड़ेगा। क्योंकि उनका माल तय समय में एक जगह से दूसरी जगह पर नहीं पहुंचेगा।

अब बाधित होगा ये सारा काम  

यूपी युवा ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के महामंत्री श्याम शुक्ला ने बताया कि चक्काजाम में अभी जरूरी चीजों की सप्लाई नहीं रोकी जाएगी। दूध, फल सब्जियां, एलपीजी, पेट्रोल डीजल की ढुलाई चक्काजाम के दौरान भी जारी रहेगी। संगठन की ओर से शासन व केंद्र से लगातार बातचीत चल रही है। उसी आधार पर हड़ताल में आगे क्या होना है, यह तय किया जाएगा।

ट्रांसपोर्टरों की मांगें  

– डीजल की कीमतों रोजाना बदलाव का सिस्टम खत्म हो, जीएसटी के दायरे में लाया जाए

– थर्ड पार्टी बीमा प्रीमियम में बढ़ोत्तरी को वापस लिया जाए

– टोल का सिस्टम खत्म हो या फिर टोल प्लाजा में होने वाली डीजल की बर्बादी रुके

– ई वे बिल के नियमों में संसोधन किया जाए और प्रणाली को आसान बनाया जाए

– ट्रांसपोर्ट व्यवसाय पर टीडीएस खत्म किया जाए

महंगाई पर होगा असर  

ट्रांसपोटर्स की 20 जुलाई की सुबह से शुरू होने वाली अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर कई जरूरी चीजों की कीमतों पर पड़ेगा। हड़ताल ज्यादा खिंची तो बिल्डिंग मैटेरियल से लेकर फैक्ट्रियों के लिए आने वाले कच्चे माल की सप्लाई भी बाधित होगी। जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा। क्येांकि इनकी कीमतें बढ़ेंगी। यूपी गिट्टी मौरंग ट्रक ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने भी गुरूवार को यूपी मोटर  ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के साथ बैठक के बाद स्ट्राइक का समर्थन कर दिया है। साथ की कुछ मांगों के साथ अपना समर्थन पत्र भी सौंपा।