Friday, May 3सही समय पर सच्ची खबर...

उन्नाव में दर्दनाक हादसाः घर से हंसी-खुशी निकले पति-पत्नी और मासूम की कुछ पलों बाद ही मौत

हादसे में मृतक दंपति।

समरनीति न्यूज, उन्नाव/कानपुरः अनहोनी कब काल बनकर झपट ले, कुछ कहा नहीं जा सकता। उन्नाव-कानपुर हाइवे पर हुए एक दर्दनाक हादसे में घर से सफर पर निकले एक पति-पत्नी और उनके दुधमुंहे बच्चे की मौत हो गई। यह परिवार अपनी रिश्तेदारी में एक खुशी के मौके पर शामिल फार्च्यूनर गाड़ी से जा रहा था। मृतकों में नवाबगंज ब्लॉक प्रमुख अरुण सिंह के भतीजे हर्ष वर्धन सिंह (22) उर्फ लकी पुत्र बालेंद्र सिंह तथा उनकी पत्नी ऋषा (20) तथा उनकी एक माह की बेटी शामिल है।

गुरुवार सुबह कानपुर-लखनऊ हाइवे पर पक्षी विहार के पास हुआ हादसा  

बताया जाता है कि तीनों गुरुवार सुबह करीब 5 बजे घर से फार्च्यूनर गाड़ी से फिरोजाबाद के लिए निकले थे। फिरोजाबाद में हर्षवर्धन की ससुराल है। ब्लाक प्रमुख अरुण सिंह ने बताया है कि वहां उनके भतिजे हर्षवर्धन की ससुराल में एक बच्चे का जन्म हुआ था। उसी खुशी के मौके पर शामिल होने ये लोग घर से सुबह निकले थे। गाड़ी खुद हर्षवर्धन ही चला रहे थे।

हादसे के बाद जर्जर खड़ी गाड़ी।

बताते हैं कि घर से लगभग 1 किमी दूर कानपुर-लखनऊ हाइवे पर पक्षी विहार के पास किसी वाहन की टक्कर से उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई। इसके बाद गाड़ी जाकर पुलिया में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार सवारों को संभलने का जरा भी मौका नहीं मिला और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

ये भी पढ़ेंः चित्रकूट में भीषण हादसा, तेज रफ्तार ट्रक से टकराया टेंपो, 8 से 10 हुई मरने वालों की संख्या, 2 और ने दम तोड़ा

हादसे के बाद वहां जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों की पहचान के बाद परिवार वालों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो उनपर दुखों का पहाड़ सा टूट गया। परिजन बेसुध हो गए। इस हादसे की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में समाजसेवी, पार्टी से जुड़े लोग और गणमान्य लोगों के साथ पत्रकार भी पीड़ित परिवार को शोकसंवेदना देने पहुंचे।