Friday, May 3सही समय पर सच्ची खबर...

बालू लदा ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर विवाद, गोलियां चलने से दहशत

बांदाः जिले के मटौंध थाना क्षेत्र के दुरेड़ी गांव में दो पक्षों में बालू लदा ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर रास्ते का विवाद हो गया। एक पक्ष के गोली चलाने से गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। हांलाकि पुलिस किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मटौंध थाना क्षेत्र के दुरेड़ी गांव निवासी करन (40) पुत्र रामकिशोर सिंह खुद के ट्रैक्टर से बालू ढोने का काम करता है। शनिवार दोपहर वह दुरेड़ी खदान से ट्रैक्टर में बालू लादकर जा रहा था। चढ़ाई पर पहिए का गुल्ला और बैरिंग टूट जाने से ट्रैक्टर बीच रास्ते में खड़ा हो गया। उसका आरोप है कि इसी बीच लाठी-डंडा लेकर कुछ लोग वहां आ धमके।

उन्होंने चालक से वहां ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर विवाद किया। चालक का आरोप है कि उक्त लोग रंगदारी मांग रहे थे। इसके बाद मामला किसी तरह शांत हो गया। बाद में रविवार को उक्त सभी लोग उसके घर पर जा धमके। आरोपियों ने ट्रैक्टर मालिक को लाठी-डंडों से पीटा।

उसे बचाने आए राजेंद्र सिंह (45), भतीजा विनय (23) व संजय (21) को भी मारा पीटा। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मदद को आए तो दबंगों ने असलहों से गोलियां चलानी शुरू कर दी। दिनदहाड़े गोलियां चलने से दहशत फैल गई। पुलिस के आने से पहले दबंग धमकी देकर फरार हो गए।

पुलिस ने घायलों को नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मटौंध पहुंचाया। डाक्टर के न मिलने पर सभी घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। उधर, प्रभारी मटौंध थानाध्यक्ष सुल्तान सिंह ने रंगदारी जैसे आरोप को गलत बताया है।

एसओ ने बताया कि रास्ते को लेकर दोनों पक्षों का विवाद हुआ है। घायल की तहरीर पर छह नामजद लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।