Friday, May 3सही समय पर सच्ची खबर...

प्रधानी की रंजिश में तीन पर धारदार हथियारों से हमला, दो अन्य भी घायल

समरनीति न्यूज, बांदाः चुनावी रंजिश में दबंगों ने एक ही परिवार के तीन लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया। ग्रामीणों के आते देख दबंग हमलावर मौके से फरार हो गए। मामला बांदा जिले के पैलानी थाना क्षेत्र के हरवंशपुरवा गांव का है।

आरोप है कि वहां के निवासी कल्लू सिंह (30) पुत्र क्षत्रपाल सिंह ने प्रधानी के चुनाव में महिला प्रधान का सहयोग नहीं किया था। इसी बात को लेकर दबंग खुन्नस मान बैठे थे। रविवार रात एक दबंग शराब के नशे में धुत होकर उनके दरवाजे पर अभद्रता कर रहा था। तभी क्षत्रपाल (60) ने विरोध किया।

इसी बात से नाराज होकर दबंगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। बचाने आए पुत्र कल्लू सिंह और राजेंद्र सिंह (25) को भी दबंगों ने धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। ग्रामीणों के आने पर दबंग धमकी देकर भाग निकले।

आरोप है कि दबंगों ने हवाई फायरिंग भी की। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जसपुरा ले जाया गया। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। घायलों की हालत गंभीर लेकिन खतरे से बाहर बताई जा रही है। उधर, देहात कोतवाली क्षेत्र के दोहा गांव निवासी रघुवीर (55) पुत्र परसादी लाल शनिवार को हथौरा गांव शादी में शामिल होने गया था।

मामूली विवाद को लेकर छोटे भाई से विवाद हो गया। छोटे भाई ने उसे लाठी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। एक अन्य घटना में बबेरू कस्बा निवासी पिंटू (25) पुत्र रामकिशोर शनिवार को शाम अपने दरवाजे पर बैठा था। तभी पड़ोसी युवक ने उस पर लाठी से हमला कर दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सभी मामलों में पुलिस कार्रवाई कर रही है।