Wednesday, May 15सही समय पर सच्ची खबर...

स्कूल में फांसी लगाने वाली प्रधानाध्यापिका की क्लास के छात्र ने भी उसी तरह दी जान

बालक के शव के पास खड़े ग्रामीण व परिजन।

समरनीति न्यूज, बांदाः जिले में गुरुवार को अपने स्कूल के कमरे में फांसी लगाकर जान देने वाली प्रधानाध्यापिका की मौत को लेकर लोग हैरत में है। अभी गांव के लोग इस वाक्य से उबर भी नहीं पाए थे कि उसी प्रधानाध्यापिका की क्लास के कक्षा-5 में पढ़ने वाले एक छात्र ने भी उसी तरह फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक प्रधानाध्यापिका ही इस बच्चे की क्लास को पढ़ाती थी। बच्चे के शव को देखकर परिवार के लोग भी सदमे में हैं। हांलाकि बच्चे के पिता का कहना है कि प्रधानाध्यापिका की मौत जिन हालात में हुई उसे लेकर उनका बेटा कुछ शांत सा था।

घटना से स्तब्ध हैं परिजन और ग्रामीण 

परिजनों ने अंदेशा जताया है कि या तो अपनी टीचर की मौत से आहत होकर उसने यह कदमा उठाया है या फिर बाल मन में वैसा करने के देखने के दौरान उसकी जान चली गई है। परिवार में बालक की मौत से मातम पसरा हुआ है। बताते चलें कि बांदा जिले में गुरूवार सुबह गिरवां थाना क्षेत्र के छिबांव गांव के प्राथमिक विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका शबनम नाजमी (29) ने स्कूल के कमरे में भी फांसी लगाकर जान दे दी थी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

संबंधित खबरः बड़ी खबरः बांदा में महिला प्रधानाध्यापिका ने स्कूल के कमरे में फांसी लगाकर दी जान

घटना की जानकारी उस समय हुई थी जब सुबह 9 बजे करीब स्कूल का बाकी स्टाफ वहां पहुंचा था। कमरा अंदर से बंद था और बाहर प्रधानाध्यापिका की स्कूटी खड़ी हुई थी। प्रभारी प्रधानाध्यापिका 29 वर्षीय सबनम नाजमी पुत्री अली अकबर निवासी बरूआ सागर (झांसी) की रहने वाली थीं। बताया गया था कि उन्होंने अपने पति अनिकेत कुशवाह की प्रताड़ना से तंग आकर यह कदम उठाया था। पुलिस मामले में जांच-पड़ताल कर रही है।

शबनम नाजमी। (फाइल फोटो)

पति करता था प्रताड़ित 

आरोपी पति अनिकेत लगातार पत्नी से रुपए और गाड़ी की मांग किया करता था। न देने पर मारता-पीटा था और प्रताड़ित करता था। उधर, शुक्रवार को इस मामले के बाद एक और चौंकाने वाली घटना हुई। स्कूल में प्रधानाध्यापिका शबनम नाजमी द्वारा पढ़ाए जाने वाले एक 14 साल के बालक ने भी घर में फांसी लगाकर जान दे दी। यह घटना उस वक्त हुई जब घर के लोग खेतों पर काम करने गए हुए थे।

ये भी पढ़ेंः अपडेटः यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसा, 9 की मौत, 30 घायल, जालौन-हमीरपुर के लोग मृतकों-घायलों में शामिल

उसके पिता नत्थु यादव ने बताया कि जब लौटकर घर आए तो अंगोछे के सहारे अमित का शव लटका हुआ था। घर वालों का कहना है कि जब शिक्षिका की सुसाइड की घटना हुई और शव को उतारकर लाया गया, उस वक्त बालक अमित वहीं मौजूद रहा। परिवार वालों का कहना है कि हो सकता है कि घटना के बाद उसने भी वैसा ही करके देखने का प्रयास किया हो और खेल-खेल में उसकी जान चली गई हो। उधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। घटना की इलाके में चर्चा है।