Wednesday, May 15सही समय पर सच्ची खबर...

प्रियंका गांधी को सोनभद्र नरसंहार स्थल जाते वक्त हिरासत में लिया गया

घायलों से मिलने पहुंचीं प्रियंका गांधी।

समरनीति न्यूज, डेस्कः सोनभद्र में नरसंहार के दौरान 10 लोगों की हत्या के मामले में आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को मौके पर जाने से रोक दिया गया। हालांकि प्रियंका ने ट्रामा सेंटर पहुंचकर सोनभद्र नरसंहार के घायलों से मुलाकात की। खास बात यह है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पर पत्रकारों के सवाल पर प्रियंका ने यह कहते हुए जवाब देने से इंकार कर दिया, कि अभी वह घायलों का हाल जानने आई हैं, इस बारे में कुछ नहीं बोलेंगी।

रोके जाने के बाद धरने पर बैठीं प्रियंका गांधी।

नरसंहार के घायलों से मिलने के बाद रोका 

दरअसल, बताते हैं कि विमान से नई दिल्ली से प्रियंका गांधी सुबह करीब 10 बजे वाराणसी हवाई अड्डा पहुंचीं। बताते हैं कि यहां उन्होंने सबसे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद सीधे ट्रामा सेंटर रवाना हो गईं। वहां सोनभद्र नरसंहार के घायलों का हालचाल लिया। वहां घायलों का हालचाल लेने के बाद प्रियंका गांधी सोनभद्र नरसंहार वाले स्थल के लिए रवाना हुईं। लेकिन ट्रामा सेंटर से प्रियंका का काफिला जैसे ही मीरजापुर जाने वाले रास्ते पर मुड़ा, नारायणपुर के पास पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनको रोक दिया।

धरने के बाद लिया हिरासत में 

इसके विरोध में प्रियंका गांधी और उनके साथ मौजूद पार्टी नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। धरना शुरू होने की जानकारी पर प्रशासन सकते में आ गया। उधर, प्रशासन प्रियंका गांधी को निषेधाज्ञा लागू होने की जानकारी देते हुए धरना खत्म करने की अपील करता रहा। वहीं मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी जुटने लगे। बाद में दोपहर करीब 12 बजे कानून व्‍यवस्‍था का हवाला देते हुए प्रियंका गांधी को हिरासत में लेकर एसडीएम चुनार की गाड़ी से घटनास्थल से हटा दिया गया और उनको मीरजापुर के अधिकारियों ने चुनार किला स्थित डाक बंगले भेज दिया। इससे कांग्रेसियों में भारी आक्रोश है।

ये भी पढ़ेंः प्रियंका गांधी ने मोदी को बताया दुुनिया का सबसे बड़ा अभिनेता, कहा- अच्छा होता अमिताभ को बना देते पीएम