
समरनीति न्यूज, महोबा : महोबा जिले में भ्रष्टाचार निवारण संगठन इकाई बांदा की टीम ने एक लेखपाल को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। मामला महोबा जिले के कस्बा कुलपहाड़ का है। आरोपी लेखपाल को थाना कबरई ले जाया गया। वहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत लेखपाल के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। जानकारी के अनुसार तहसील कुलपहाड़ के सतारी गांव के किसान सुरेंद्र सिंह सेंगर का जमीनी विवाद चलता है।
पैमाइश को किसान से लिए 10 हजार
वह जमीन की पैमाइश कराने को कई महीनों से लेखपाल के चक्कर काट रहे हैं। 3 दिन पहले लेखपाल ने भूमि पैमाइश के नाम पर किसान से 10 हजार रुपए रिश्वत मांगी। किसान ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन लखनऊ को इस मामले की शिकायत की। आज मंगलवार को एंटी करप्शन टीम (बांदा) के प्रभारी राजेश सिंह यादव, एसआई ओमप्रकाश और सनोज यादव कुलपहाड़ पहुंचे।
वहां रिश्वतखोर लेखपाल देवेंद्र राजपूत को किसान से 10 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। एंटी करप्शन टीम उसे गाड़ी में बैठाकर थाना कबरई ले गई। वहां रिश्वतखोर लेखपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। बताते हैं कि आरोपी लेखपाल देवेंद्र राजपूत के खिलाफ पहले भी रिश्वतखोरी की शिकायतें रही हैं। क्षेत्रीय लोगों ने एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई की प्रशंसा की है।
ये भी पढ़ें : बांदा में एक और लेखपाल का रिश्वत लेते वीडियो वायरल, हुआ सस्पेंड