Thursday, April 25सही समय पर सच्ची खबर...

क्या यहां खनिज विभाग की मिलीभगत से दम तोड़ रहे सरकारी आदेश..?

Amazing results of sand overloading in Banda, collusion of RTO and Mineral Department

समरनीति न्यूज, बांदा : अभी दो दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों से मीटिंग की। मुख्यमंत्री योगी के स्पष्ट आदेश हैं कि खदानों से ही ओवरलोडिंग बंद हो। इसके बावजूद बांदा जिले में ओवरलोडिंग जारी है। आरटीओ विभाग के अधिकारियों द्वारा ओवरलोड ट्रकों और डंफरों को पकड़ने की खबरें आ रही हैं, लेकिन यह सबकुछ बहुत छोटे स्तर पर है। बड़े पैमाने पर तो ओवरलोडिंग धड़ल्ले से जारी है। सच तो यह है कि दो-दो खनिज अधिकारियों के निलंबन के बाद भी जिले के खनिज विभाग के अफसरों की कार्यशैली बदली नहीं। यही वजह है कि शायद खदानों से जीरो ओवरलोडिंग के सरकारी आदेश दम तोड़ रहे हैं।

ओवरलोडिंग नहीं तो कैसे पकड़े जा रहे ट्रक

दरअसल, अवैध खनन और ओवरलोडिंग रोकने के लिए खनिज विभाग को साफ निर्देश हैं कि खदानों से ही ओवरलोडिंग न होने दी जाए। इसके बावजूद सड़कों पर ओवरलोड बालू लदे ट्रक दौड़ रहे हैं। आए दिन प्रशासन के निर्देश पर आरटीओ विभाग द्वारा ओवरलोड गाड़ियां पकड़ी भी जाती हैं। इससे साबित हो रहा है कि ओवरलोडिंग बालू खदानों से हो रही है। अवैध खनन में मिलीभगत के आरोपों से घिरा रहने वाला खनिज विभाग फिर सवालों के घेरे में है।

मरौली खदान पर कार्रवाई से साबित हुआ अवैध खनन

मरौली खदान की खंड-6 में अवैध खनन जारी था। खबरों के जरिए मामला सुर्खियों में आया तो खनिज विभाग ने प्रशासनिक निर्देशों पर कार्रवाई की। खदान बंद कर दी गई। सवाल है कि क्या खनिज विभाग जानबूझकर पहले कार्रवाई नहीं कर रहा था।

ये भी पढ़ें : अवैध खनन पर ‘समरनीति न्यूज’ की खबर का बड़ा असर, मरौली-6 पर डेढ़ करोड़ से ज्यादा का जुर्माना-खनन पर रोक

अब कनवारा और मरौली के ही खंड-5 में अवैध खनन को लेकर आरोप सामने आ रहे हैं। फिर भी खनिज विभाग के अधिकारियों के कानों में जूं नहीं रेंग रही। खनिज अधिकारी अवैध खनन, ओवरलोडिंग की शिकायतों पर बात सुनना ही नहीं चाहते। बांदा के जिला खनिज अधिकारी अर्जुन कुमार को उनके मोबाइल नंबर 8887534774 पर काॅल की गई। लेकिन उनका फोन नहीं उठा। बताते चलें कि खनिज विभाग पर इस समय अवैध खनन को लेकर काफी आरोप लग रहे हैं।

ये भी पढ़ें : खास खबर : चर्चा में खनन, बड़े नेताओं की एंट्री..! 

खास खबर : चर्चा में खनन, बड़े नेताओं की एंट्री..!