समरनीति न्यूज, लखनऊ : प्रचंड गर्मी से पूरा उत्तर प्रदेश तिलमिला रहा है। प्रदेश के सभी जिले लू की चपेट में हैं। ऐसे में इन दिनों 26 मई से 2 जून तक नौतपा लगने के कारण गर्मी ने और प्रचंड रूप धारण कर लिया है। पारा लगातार नए रिकार्ड बना रहा है। जानकार बताते हैं कि सोमवार को राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर 12 बजे से ही तापमान 43 पार कर गया है।
मौसम विभाग का इन जिलों के लिए रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने यूपी के कुछ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। आज उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में इस गर्मी के मौसम का सबसे ज्यादा तापमान रिकार्ड हो सकता है। रविवार को बुंदेलखंड का झांसी 47.6 डिग्री सेल्सियस के साथ यूपी का सबसे गरम क्षेत्र रहा।
रविवार को झांसी रहा प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म
आगरा में पारा 46.8 और कानपुर में 46.2 डिग्री रहा। हालांकि, मौसम विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि मंगलवार या बुधवार से गर्मी में थोड़ी सी राहत मिल सकती है।
यूपी की पिंक रिक्शा चालक आरती को लंदन में अवार्ड, पढ़िए ! पूरी खबर..
मौसम विभाग के विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह का कहना है कि पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने वाला है। वहीं 25 से 35 किमी की रफ्तार से गर्म हवाएं यानी लू चलने के पूरे आसार हैं।
इन जिलों के लिए रेड अलर्ट : झांसी, ललितपुर, जालौन, हमरीपुर, महोबा, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा और आसपास। इन जिलों के लिए आरेंज अलर्ट : कानपुर नगर, कानपुर देहात, मैनपुरी, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, एटा, औरैया और आसपास के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट : बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़ और मेरठ व आसपास लू चलने के आसार जताए गए हैं।
बताते चलें कि 26 मई को नौतपा लगने के बाद गर्मी और भी ज्यादा प्रचंड हो गई है। ऐसे में आम जनजीवन ठप सा हो गया है। लोगों को घरों में रुकना भी मुश्किल हो रहा है। कूलर भी फेल साबित हो रहे हैं। कुछ जगहों पर तो एसी भी काम नहीं कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें : UPNews : महिला से गैंगरेप, पति के दोस्त ने शराब पिलाकर दिया धोखा