Saturday, May 4सही समय पर सच्ची खबर...

बांदा में पुलिस जीप से कुचलकर महिला की मौत, 3 पुलिस कर्मियों पर रिपोर्ट, मंत्री रामकेश निषाद ने शोक जताया

Woman dies after being crushed by police jeep in Banda

समरनीति न्यूज, बांदा : बांदा में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गश्त कर रही पुलिस की अनियंत्रित गाड़ी से कुचलकर महिला की मौत हो गई। दुर्घटना पुलिस गाड़ी के ब्रेक फेल होने के कारण हुई। उधर, परिजनों और ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए जीप सवार दरोगा और दो सिपाहियों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्रा, सीओ सदर अजय कुमार सिंह, बांदा कोतवाल अनूप दुबे फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाकर शांत किया गया। घायलों को अस्पताल भिजवाया। उधर, जलशक्ति विभाग के राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने रात में ही अधिकारियों से बात की। मुआवजे दिलाने के निर्देश दिए। पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए शोक प्रकट किया। हर मदद का भरोसा भी दिलाया।

ASP और CO मौके पर पहुंचे, पुलिस कर्मियों को भी चोटें

एएसपी श्री मिश्रा और सीओ सदर श्री सिंह ने बताया कि तीन पुलिस कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार बीती रात करीब साढ़े 11 बजे चिल्ला थाना पुलिस की एक बोलेरो गाड़ी गश्त कर रही थी। गाड़ी में एक दरोगा और दो सिपाही सवार थे। बताते हैं कि पुलिस टीम की गाड़ी का ब्रेक फेल हो गया।

घोटाले से निकला जिम : क्या बांदा हार्पर क्लब की सरकारी बिल्डिंग को किराये पर देने की होगी जांच?

चालक गाड़ी को संभालने का प्रयास कर ही रहा था कि तभी अचानक ब्रेकर आ गया। गाड़ी उछलकर अनियंत्रित हो गई और घर के बाहर सो रही चिल्ला के विजय निषाद की पत्नी रजनी निषाद (51) को कुचलते हुए क्षतिग्रस्त हो गई। घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर भीड़ जुट गई। जीप में सवार दरोगा रोशन गुप्ता, सिपाही अजय यादव, सनोज सिंह भी घायल हो गए।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मुआवजा..

मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला और घायल पुलिस कर्मियों को अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में महिला को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिस कर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने समझा-बुझाकर शांत किया। साथ ही कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। मौके पर एसडीएम को भी बुलाकर मुआवजा की कार्रवाई की लिखा-पढ़ी कराई गई। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़ें : भीषण गर्मी : यूपी में स्कूलों का बदला समय, पढ़िए नई टाइमिंग..