Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

आज बुंदेलखंड पहुंचेंगे पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी के अस्थि कलश

लखनऊ में अटल जी के अस्थिकलश को पुष्पांजलि देने को खड़े भाजपा के कद्दावर नेता एवं अकबरपुर सांसद देवेंद्र सिंह भोले व अन्य भाजपा नेता।

समरनीति न्यूज, बांदाः पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के अस्थि कलश आज शुक्रवार शाम को बुंदेलखंड की धरती पर आएगा। अस्थिकलश को केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति लेकर आएंगी। हांलाकि जिले की सीमा में प्रवेश करते ही बुंदेलखंड के भाजपा नेता भी इसमें शामिल हो जाएंगे। बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री साध्वी दोपहर लगभग 12 बजे फतेहपुर होते हुए बांदा पहुंचेंगी। शहर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण के बाद अस्थि कलश को रामलीला मैदान में रखा जाएगा। ताकि लोग पुष्पांजलि दे सके।

शहर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण के बाद रामलीला मैदान में लोगों के दर्शन को रखे जाएंगे अस्थिकलश 

भाजपा जिलाध्यक्ष लवलेश सिंह ने बताया है कि तिंदवारी, महोखर होते हुए यह कलश यात्रा बांदा में प्रवेश करेगी। इसके बाद महाराणा प्रताप चौक, रेलवे ओवर ब्रिज, अलीगंज चौकी चौराहा होते हुए रायफल क्लब ग्राउंड में पहुंचेगी। वहां सभी वाहनों को रोक दिया जाएगा। वहा से अस्थिकलश की पैदल यात्रा शहर के प्रमुख स्थानों से होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी।

25 अगस्त को सुबह चित्रकूट लेकर जाएंगे भाजपा मंत्री, मंदाकिनी में होगा विसर्जन 

रात 8 बजे से 25 अगस्त सुबह 9 बजे तक आम लोगों के दर्शन के लिए अस्थिकलश रखे जाएंगे। 25 को सुबह कलश यात्रा चित्रकूट के लिए रवाना हो जाएगी। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी आनंद स्वरूप दिवेदी ने बताया है कि 25 अगस्त को चित्रकूट में मंदाकिनी में अस्थियां का विसर्जन होगा।