Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

लोकसभा2024 : सपा के झंडे तले बाबू सिंह कुशवाहा, जौनपुर से लड़ेंगे चुनाव-बांदा में भी बदलेंगे समीकरण

Loksabha2024 : Babu Singh Kushwaha SP fielded in Jaunpur

मनोज सिंह शुमाली, ब्यूरो (बांदा) : बसपा सरकार में मंत्री रहे बाबू सिंह कुशवाहा को सपा ने जौनपुर से टिकट दिया है। कुछ महीने पहले तक अकेले दम पर चुनाव लड़ने का दावा करने वाले पूर्व मंत्री कुशवाहा अब समाजवादी पार्टी के टिकट पर जौनपुर से चुनावी ताल ठोकने जा रहे हैं। दरअसल, रविवार को सपा ने 7 प्रत्याशियों की जो सूची जारी की है, उसमें बसपा के पूर्व मंत्री कुशवाहा का भी नाम शामिल है। राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर लोग हैरान रह गए। इससे पहले जब भी सपा में कुशवाहा की पार्टी के विलय या गठबंधन जैसी बातें उठीं तो पूर्व मंत्री ने इसका खंडन किया।

राजनीतिक रूप से होंगे दूरगामी परिणाम

बहरहाल, राजनीतिक रूप से देखा जाए तो यह कोई छोटा घटनाक्रम नहीं है। लोकसभा चुनाव से पहले यह खुद में काफी चौंकाने वाली खबर है, क्योंकि इसके कई बड़े राजनीतिक मायने हैं। आने वाले समय में कई राजनीतिक दूरगामी परिणाम भी होंगे।

स्वामी प्रसाद मौर्य के बाद सपा की जरूरत

पूर्व मंत्री कुशवाहा को एक बड़े सहारे की तलाश थी तो सपा को भी स्वामी प्रसाद मोर्या के छिटक जाने के बाद एक बैकवर्ड चेहरे की जरूरत थी। राजधानी लखनऊ के पार्टी सूत्र स्वीकारते हैं कि पूर्व मंत्री कुशवाहा की सपा नेतृत्व से बीते कई महीनों से भीतर ही भीतर गठबंधन को लेकर बातचीत जारी थी, इसे पूरी तरह से गोपनीय रखा गया। यही वजह है कि आज सपा की लिस्ट में बाबू सिंह कुशवाहा का नाम देखने के बाद हर कोई हैरान रह गया।

बांदा सीट से सपा बदल सकती प्रत्याशी !

सूत्र बताते हैं कि पूर्व मंत्री कुशवाहा ने सपा के आगे 3 सीटों की बात रखी थी, लेकिन समाजवादी नेतृत्व ने दो सीटों पर मंजूरी दी। इनमें से एक जौनपुर सीट और दूसरी कोई और सीट हो सकती है। अब दूसरी सीट बांदा भी हो सकती है। बांदा सीट पर सपा वैसे तो शिव शंकर पटेल को प्रत्याशी घोषित कर चुकी है, लेकिन कई कारणों से प्रत्याशी बदलने की चर्चा शुरू से हो रही है।

ये भी पढ़ें : लोकसभा2024 : सपा ने 7 और प्रत्याशियों की लिस्ट की जारी, पढ़िए पूरी लिस्ट.. 

अब कुशवाहा के मैदान में उतरने के बाद चर्चाओं ने और जोड़ पकड़ लिया है। राजनीतिक पंडितों की माने तो सपा बांदा से किसी कुशवाहा या ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगा सकती है। ब्राह्मण चेहरे में पूर्व मंत्री कुशवाहा का कोई पुराना नजदीकी नेता या उसके परिवार का सदस्य भी हो सकता है।

एमपी से बांदा पहुंची online प्यार में पागल युवती, फिर मचा हड़कंप..

कुशवाहा में पूर्व मंत्री की पत्नी या भाई भी प्रत्याशी हो सकते हैं। यही चर्चाएं इस समय छाई हैं।  इसकी वजह है कि कुशवाहा बांदा-बुंदेलखंड में पिछड़े वोटों पर गहरी पकड़ रखते हैं। यही वजह है कि खबर आते ही आज बांदा के नेताओं में भी इसे लेकर चर्चाएं होती रहीं।

NRHM घोटाले पर घेर सकता है विपक्ष

दबी जुबान सपाई मान रहे हैं कि प्रत्याशी बदलने की संभावना और बढ़ गई है। कुल मिलाकर यह तय है कि अब बांदा में लोकसभा चुनावों में जीत-हार के समीकरण तेजी से बदलेंगे। इसमें कोई दो राय नहीं कि पूर्व बसपा मंत्री कुशवाहा बुंदेलखंड की कई सीटों पर अच्छा-खासा प्रभाव रखते हैं, लेकिन सपा को विपक्ष के बड़े हमलों का भी सामना करना पड़ेगा। क्योंकि कुशवाहा एनआरएचएम घोटाले में आरोपी रहे हैं, जेल भी जा चुके हैं।

ये भी पढ़ें : लोकसभा2024 : सपा ने 7 और प्रत्याशियों की लिस्ट की जारी, पढ़िए पूरी लिस्ट..