Friday, May 17सही समय पर सच्ची खबर...

सड़क पर दबंगों ने किया नंगा नाच और चलाईं खुलेआम गोलियां, घायल हुआ राहगीर

सरमनीति न्यूज, कानपुरः पुलिस प्रशासन से लेकर शासन तक लॉ एंड ऑर्डर को लेकर कुछ भी दावा करे लेकिन हकीकत में खाकी का खौफ शहर में खत्म हो चुका है। शहर के हालात भी इस बात की गवाही दे रहे हैं। शनिवार को चकेरी के ओमपुरवा में प्रॉपर्टी विवाद में असलहों की जमकर नुमाइश हुई और दिन-दहाड़े कई राउंड गोलियां चलने से इलाका दहल उठा। लोग दहशत में आ गए।
इस दौरान एक राहगीर के पेट में छर्रे लगने से वह घायल हो गया।

बताया जाता है कि ओमपुरवा निवासी ज्ञानेश सिंह उर्फ ज्ञानू ठाकुर डीएवी कालेज के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके घर के पास एक विवादित प्लॉट है, जिसकी कीमत लाखों में है। ज्ञानू ठाकुर का दावा है कि यह प्लॉट उनका व अरुण कटियार नाम वाले उनके साथी का है जबकि सीओडी कॉलोनी निवासी रोहित निषाद और चरनजीत सिंह भी इसे अपना बता रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि शनिवार को रोहित और चरनजीत 12 से 15 साथियों के साथ असलहे से लैस होकर प्लॉट पर कब्जा करने पहुंचे थे। इसका पता चलने पर ज्ञानू भी कुछ साथियों और इलाकाई लोगों के साथ वहां पहुंचकर विरोध करने लगे। इसी को लेकर गोलियां चलीं। इस दौरान वहां से गुजर रहे राहगीर राजेश (19) पेट में छर्रे लगने से घायल हो गया।

मामले में पुलिस क्या बोलीः 

पुलिस को जांच में एक मकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे से घटना का फुटेज मिल गया है। वहीं रोहित और चरनजीत ने ज्ञानू ठाकुर और उनके साथियों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर अजय सेठ ने कहा कि जांच की जा रही है दोनों पक्षों को खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इंस्पेक्टर अजय सेठ ने राहगीर के छर्रे लगने की बात की जानकारी से इंकार कर दिया है लेकिन गोलियां चलने की बात स्वीकार की है। इंस्पेक्टर का यह भी कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किस पक्ष ने गोली चलाई है। फुटेज से आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।