Tuesday, May 7सही समय पर सच्ची खबर...

कानपुर के बर्रा में दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला की हत्या, बिखरा पड़ा मिला घर का सामान

समरनीति न्यूज, कानपुरः बर्रा थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर में लूटपाट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने महिला की धारदार हथियार से हमलाकर हत्या कर दी। कमरे में रखी अलमारियों को खोलकर लूटपाट की और चुपचाप वहां से भाग निकल लिए। चौंकाने वाली बात यह है कि व्यस्तम इलाके में होने के बावजूद किसी को कानोंकान इसकी खबर नहीं हुई। बाद में किराएदार महिला के वहां पहुंचने पर घटना का खुलासा हुआ। सीओ गोविंदनगर और बर्रा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

घर में अकेली थी महिला, लूटपाट की आशंका  

बताया जाता है कि अंबेडकर नगर निवासी संतोष कुशवाहा पिकअप चालक है। गुरुवार की सुबह रोज की तरह वह अपनी ड्यूटी पर गया हुआ था। उसकी पत्नी अंशू कुशवाहा (30) ही घर में थी। बताते हैं कि दोपहर करीब 1 बजे घर में लूटपाट करने के इरादे से घुसे बदमाशों ने महिला अंशू को पकड़ लिया।

ऐसा माना जा रहा है कि विरोध करने पर महिला की बेरहमी से धारदार हथियार और किसी भारी चीज से सिर पर प्रहार करके हत्या कर दी गई है। घर में रखीं अलमारी, अटैची और बेड वगैरह सामान खुला पड़ा पड़ा है। बाकी सामान भी इधर-उधर बिखरा पड़ा मिला। घटना की जानकारी महिला को उस वक्त हुई जब एक किरायदार महिला उनके घर पहुंची।

खून से लतपत शव देख चीखकर भागी महिला  

घर का दरवाजा खुला था और जब वह भीतर पहुंची तो अंशू का शव खून से लतपत पड़ा था। यह देखकर महिला चीखती हुई बाहर की ओर भागी। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बाद में सीओ गोविंदनगर और बर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छानबीन के बाद शव को कब्जेे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति बहुत कुछ साफ हो जाएगी। उधर, घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।

ये भी पढ़ेंः माॅडल ने जिसके लिए बदला धर्म, उसी आशिक ने बेरहमी से किया कत्ल, टैटू-टी शर्ट ने खोले राज तो..