Thursday, May 2सही समय पर सच्ची खबर...

देश ने मनाया 70वां गणतंत्र दिवस, दुनियाभर ने देखी भारत की सैन्य ताकत और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत

दिल्ली में राजपथ पर गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल जवान।

समरनीति न्यूज, नई दिल्लीः देश की राजधानी में 70वें गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत की सैन्य ताकत के साथ ही समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी देशवासियों के साथ-साथ दुनिया ने देखा। हांलाकि इस वर्ष के गणतंत्र दिवस की थीम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित रही। इसकी वजह इसी वर्ष राष्ट्रपिता की 150वीं जयंती का होना है। राज्यों ने महात्मा गांधी के जीवन से जुड़े विषयों पर झांकी प्रदर्शित की।

गणतंत्र दिवस की थीम रहे महात्मा गांधी 

गणतंत्र दिवस की परेड में दिल्ली के राजपथ पर इस वर्ष उत्तर प्रदेश (काशी विद्यापीठ) की झांकी।

सेना ने दिखाई अपनी ताकत 

राजपथ पर हुई आज की परेड में जहां भारतीय सेना ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही सेना में नारी शक्ति ने अपनी वीरता और साहस की झलक दिखाई। आज परेड की शुरुआत से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमर जवान ज्योति पहुंचे और वहां शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद राजपथ पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ-साथ मेहमान दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति साइरिव रामफोसा का भी स्वागत किया। इस मौके पर राष्ट्रपति कोविंद ने तिरंगा फहराया और इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान फील्ड रेजीमेंट ने 21 तोपों की सलामी भी दी। वहां मौजूद लोगों का सीना गर्व से चौड़ा हो गया।

आज की परेड की खास बातें जानिएः 

  • इतिहास में पहली बार आसाम राइफल्स ने गणतंत्र दिवस की परेड में भाग लिया। इसकी झांकी में महिला शक्ति को प्रदर्शित किया गया। आसाम राइफल्स की महिला जवानों के दस्ते ने ‘देश की हमने शान बढ़ाई’ की धुन पर मार्च किया। दस्ते का नेतृत्व मेजर खुशबू कंवर द्वारा किया गया। 
गणतंत्र दिवस की परेड में महिला जवान।
  • केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानि सीआईएसएफ इसी वर्ष राष्ट्र की सेवा के 50 साल मना रहा है। 11 वर्षों के बाद सीआईएसएस के दस्ते ने आज की परेड में हिस्सा लिया। 
  • गणतंत्र दिवस के मौके पर सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के साथ ही गोवा और पंजाब के अलावा तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा की झांकियां राजपथ पर नजर आईं। सभी झांकियों की थीम महात्मा गांधी से जुड़ी थीं।
राजपथ में मुख्य अतिथि साउथ अफ्रीका के राष्ट्रपति साइरिव रामफोसा के साथ साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

नारी शक्ति ने भी दिखाई ताकत 

  • भारत ने राजपथ पर आज की परेड में अपनी सेन्य शक्ति का भी प्रदर्शन किया। परेड में टी-90 टैंक, बीएमपी-II/II-के, के-9 वज्र, सर्फेस माइन क्लियरिंग सिस्टम, ट्रांसपोर्टेबल सैटेलाइट टर्मिनल, ट्रूप लेवल रडार और आकाश वेपन सिस्टम को प्रदर्शित किया।
  • भारतीय रेलवे की झांकी द्वारा दो हिस्सों में मोहनदास करमचंद गांधी से महात्मा गांधी बनने के सफर को दिखाया गया। एक हिस्से में दक्षिण अफ्रीका में उनसे भेदभाव वाला बर्ताव दिखाया गया। दूसरे तरफ हरिजन फंड के लिए पैसे लेते दिखाए गए।  
दिल्ली में राजपथ पर गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल जवान।
  • परेड में सूबेदार मेजर रमेश के नेतृत्व में 33 लोगों ने 9 मोटरसाइकिल पर ह्यूमन पिरामिड बनाकर प्रदर्शन किया। इस आइकोनिक टीम में शामिल इकलौती महिला अधिकारी ने बाइक पर स्टंट दिखाकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। 
  • प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित 26 बच्चे भी परेड में शामिल हुए। सभी बच्चों ने खुली जीप में सवार होकर गणमान्य व्यक्तियों का अभिवादन किया। 
  • इस बार की परेड में पहली बार मिलिट्री धुन शंखनाद को बजाया गया। बताते हैं कि यह धुन सेना की महर रेजीमेंट के वयोवृद्ध जवान की लिखी कविता पर आधारित है। 

ये भी पढ़ेंः WELCOME TO INDIA MR. PUTEEN – भारत पहुंचे रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन