Friday, April 26सही समय पर सच्ची खबर...

प्रियंका का मोदी पर तगड़ा हमला, कहा- विदेश घूमने में गुजार दिए 5 साल, कभी 5 मिनट भी बनारस के गरीब से नहीं मिले

गाजियाबाद में रोड-शो के दौरान उमड़े जनसैलाब का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार करतीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी।

समरनीति न्यूज, पॉलिटिकल डेस्कः अपनी पार्टी की प्रत्याशी के समर्थन में रोड-शो करने गाजियाबाद पहुंचीं प्रियंका गांधी ने पहले सरदार भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा और बेहद तगड़ा हमला बोला। अपने 11 मिनट के संबोधन में प्रियंका ने स्थानीय मुद्दों से भाषण की शुरुआत करते हुए पहले अपनी प्रत्याशी डाली शर्मा को युवा, शिक्षित और ईमानदार छवि वाला बताते हुए उनके कार्यों के आधार पर वोट देने की अपील की। इसके बाद प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर सीधा हमला किया। कहा कि पांच साल तक मोदी जी ने कुछ नहीं किया, बल्कि उन्होंने पांच साल विदेशों में घूमने में गुजार दिए।

गाजियाबाद में रोड-शो के दौरान उमड़े जनसैलाब का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार करतीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी।

सरदार भगत सिंह की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण 

प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी ने जापान और चीन से लेकर अफ्रीका और अमेरिका जाकर वहां के लोगों को गले लगाया। कहा कि मोदी जी को पिछले 5 साल में कभी 5 मिनट का भी वक्त नहीं मिला, जब अपने संसदीय क्षेत्र बनारस में जाकर उन्होंने किसी गरीब परिवार को गले लगाया हो। प्रियंका ने कहा कि यह सरकार, सिर्फ प्रचार की सरकार है, इनका प्रचार इतना तेज है कि एक बार तो ‘मैं भी धोखे में आ गई कि मोदी जी ने बनारस में खूब काम किया होगा, लेकिन 15 दिन पहले जब बनारस पहुंची तो बातचीत में लोगों ने बताया कि मोदी आए तो सही, लेकिन बड़ी-बड़ी रैलियां करके लौट गए और कभी किसी गरीब परिवार से नहीं मिले।

गाजियाबाद में प्रियंका गांधी के रोड-शो के दौरान उमड़ा जनसैलाब।

कहा, काम किया है तो उपलब्धियां गिनाएं मोदी जी 

प्रियंका गांधी ने कहा कि मोजी दी ने अगर काम किया है तो अपनी उपलब्धियां गिनाएं, वह नेहरू जी और इंदिरा जी ने यह किया-वो किया क्यों बता रहे हैं। इनता ही नहीं प्रियंका गांधी ने जनता को सीधे संबोधित करते हुए कहा है कि जो लोग अपने कामों को एहसान जताकर बता रहे हैं उनसे कहिए कि लोकतंत्र ने उनको यह अधिकारी दिया है कि वे जनता के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के साथ विकास कार्य करें। प्रियंका ने नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया है कि वह लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रहे हैं और कोई भी सवाल करता है उसके खिलाफ कार्रवाई हो रही है।

गाजियाबाद में प्रियंका गांधी के रोड-शो के दौरान उमड़ा जनसैलाब।

कहा आवाज उठाने वालों पर हो रही कार्रवाई 

फिर चाहे  वे नौजवान हों, किसान हों या आशा बहू और शिक्षामित्र। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को सीधे जोड़ते हुए प्रियंका ने मोदी पर आरोप लगाया कि यदि आप राष्ट्रवादी सरकार हैं तो जब नंगे पैर किसान आपसे मिलने आए थे तो उनपर गोलियां क्यों बरसाई गईं। प्रियंका गांधी ने एक और सवाल उठाया कि यदि आपकी सरकार राष्ट्रवादी है तो हर शहीद को सम्मान मिलना चाहिए, फिर चाहे वह हिंदू हो या मुसलमान या विपक्षी दल के नेता का पिता ही क्यों न हो। प्रियंका ने कहा कि जीएसटी में छोटे कारोबारियों और व्यापारियों को तबाह किया है, प्रियंका ने कहा कि जीएसटी से छोटे कारोबारी और व्यापारी तबाह हो गए हैं।

गाजियाबाद में रोड-शो के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लोगों से हाथ मिलाते हुए।

कहा, भदोही में जीएसटी से बंद हुए 60 फीसद छोटे उद्योग

उन्होंने कहा कि वह भदोही गई थीं, वहां के 60% छोटे उद्योग-धंधे केवल जीएसटी की वजह से बंद हो गए हैं। कहा कि मोदी जी के पास 5 साल के बाद भी गिनाने के लिए एक भी उपलब्धि नहीं है। भाषण के अंत में प्रियंका गांधी ने मौजूद लोगों से सवालिया लहजे में पूछा कि आप कैसी राजनीति करना चाहते हैं? राजनीति बहुत सीरियस चीज है। प्रियंका ने कहा कि वह अपनी पिछली रैलियों में भी कह चुकी हैं कि लोकतंत्र में बड़े हथियार हैं इन्हें सोच-समझकर इस्तेमाल करें। प्रियंका गांधी ने कहा कि वर्तमान की सरकार नकारात्मक राजनीति कर रही है और अब यह आपको तय करना है कि आप नकारात्मक राजनीति करने वालों के साथ हैं या ऐसे लोगों के साथ हैं जो सकारात्मक राजनीति करना चाहते हैं। प्रियंका गांधी ने कहा है कि राहुल गांधी ने जो घोषणा पत्र जारी किया है उसमें हर वर्ग का ख्याल रखा गया है।

ये भी पढ़ेंः ‘नमो टीवी’ पर चुनाव आयोग को सरकार का जवाब, कहा- न्यूज चैनल नहीं, विज्ञापन प्लेटफॉर्म है  

ये भी पढ़ेंः भावनात्मक रिश्ते वाले वायनाड से राहुल ने भरा नामांकन, प्रियंका भी रहीं साथ, समर्थन में सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब