समरनीति न्यूज, लखनऊः जिले की सदर सीट से भाजपा विधायक राकेश राठौर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पार्टी ने उनका आडियो वायरल होने के बाद नोटिस जारी किया है। नोटिस में एक हफ्ते में जवाब मांगा है। राठौर ने पार्टी के ताली-थाली बजाओ अभियान की खिल्ली उड़ाई थी। दरअसल, दो दिन पहले विधायक राठौर का एक आडियो वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने पार्टी के ताली-थाली बजाओ अभियान का मखौल उड़ाते हुए काफी कुछ कहा था। अब इस मामले में पार्टी के शीर्ष नेता के निर्देश पर गुरुवार को महामंत्री विद्या सागर सोनकर ने सीतापुर विधायक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। इस आडियो में विधायक ने काफी कुछ अपमानजनक और जातिसूचक भी कहा था। उधर, बताते हैं कि नोटिस जारी होते ही विधायक के दोनों मोबाइल स्विच आफ हो गए हैं।
पार्टी शीर्ष नेतृत्व भी नाराज
बताया जा रहा है कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के आदेश पर नोटिस जारी हुआ है। दरअसल, पार्टी के ताली-थाली बजाने के अभियान की सीतापुर के सदर विधायक राठौर ने निंदा करते हुए न सिर्फ उसका मजाक बनाया था, बल्कि इसे गलत ठहराया था। विधायक का आडियो वायरल होने के बाद अब उनको नोटिस देते हुए 1 सप्ताह में जवाब मांगा गया है। सूत्रों की माने तो नोटिस में यह भी कहा गया है कि आपके द्वारा पार्टी विरोध कार्य करने की शिकायतें लगातार मिल रहीं हैं। कहा गया है कि स्पष्टीकरण का जवाब न मिलने की स्थिति में आरोपों को सही मान लिया जाएगा। बताते चलें कि कई राजनीतिक पार्टियों में रह चुके राकेश राठौर ने बीते चुनाव में ही भाजपा का दामन थाना था। इसके बाद मोदी लहर में उनको जीत भी मिल गई थी।
ये भी पढ़ेंः हाथों में 4-4 तमंचे-शराब का गिलास लेकर डांस करने वाले भाजपा विधायक की पार्टी से छुट्टी
ये भी पढ़ेंः बड़ी खबरः सहारनपुर में BJP विधायक के आवास पर भाजपा नेत्री ने आत्मदाह का प्रयास किया