Sunday, April 28सही समय पर सच्ची खबर...

जानिए, अपनी लोकसभा सीट सीतापुर और उसका राजनीतिक इतिहास

सीतापुर के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल नैमिषारण्य।

प्रीति सिंह, पॅालिटिकल डेस्क, लखनऊः सारायण नदी के किनारे बसा सीतापुर, सीतापुर जिले का नगर पालिका बोर्ड है। ब्रिटिश राज में सीतापुर ब्रिटिश सेना की छावनी हुआ करता था। सीतापुर की पृष्ठभूमि पौराणिक और ऐतिहासिक दोनों है, और इसी वजह से सीतापुर प्रसिद्ध है। वैसे तो इसके नाम के पीछे के रहस्य का कोई पुख्ता सबूत नहीं है पर कहते हैं की इसका नाम भगवान राम की पत्नी सीता के नाम पर पड़ा था। भगवान राम और देवी सीता अपनी तीर्थ यात्रा के दौरान यहां आ कर रुके थे। इसके बाद राजा विक्रमादित्य ने इस शहर का नाम देवी सीता के नाम पर सीतापुर रख दिया।

आबादी/शिक्षा की पूरी स्थिति  

सीतापुर जिला 5,743 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। 2011 की जनगणना के अनुसार यहां की कुल जनसंख्या 4,483,992 है। इसमें से 2,375,264 पुरुष और 2,108,728 महिलाएं हैं। यहां प्रति 1000 पुरुषों पर 888 महिलाएं हैं। सीतापुर की औसत साक्षरता दर 61.12 प्रतिशत है, जिसमें पुरुष साक्षरता दर 70.31 प्रतिशत है और महिला साक्षरता दर 50.67 प्रतिशत है। यहां मतदाताओं की कुल संख्या 1,550,263 है ,जिसमें महिला मतदाता 712,053 और पुरुष मतदाताओं की संख्या 838,148 है। सीतापुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत 5 विधान सभा क्षेत्र आते हैं जिसमें बीसवां, लहरपुर, महमूदाबाद, सेवता और सीतापुर शामिल है।

सीतापुर कैंट रेलवे स्टेशन।

यह है पूरा राजनीतिक घटनाक्रम 

सीतापुर संसदीय क्षेत्र में पहली बार 1952 में चुनाव हुआ जिसमें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की उमा नेहरु विजयी हुई और सीतापुर की पहली सांसद बनी। उमा नेहरु, जवाहरलाल नेहरु के चचेरे भाई की पत्नी थीं। उमा नेहरु सीतापुर सीट से लगातार 2 बार जीती। 1962 में राजनीतिक तख्ता पलट में भारतीय जन संघ के सूरज लाल वर्मा विजयी रहे। अगले चुनाव में भी भारतीय जन संघ ने ही यह सीट हथियाई। 1971 में कांग्रेस ने एक बार फिर सीतापुर संसदीय सीट पर वापसी की लेकिन 1977 में यह सीट फिर कांग्रेस के हाथों से निकल गई।

ये भी पढ़ेंः यह रही पूरी सूची, पढ़िए यूपी में किस लोकसभा सीट के लिए किस तारीख में पड़ेंगे वोट..

1980 में इंदिरा गांधी की पार्टी कांग्रेस के नेता राजेंद्र कुमार बाजपेई सीतापुर के सांसद की कुर्सी पर बैठे। बाजपेयी लगातार 3 बार जीते। 1991 में भाजपा का आगमन हुआ और कांग्रेस की विदाई हुई। 1991 के चुनाव में बीजेपी ने यहां जीत दर्ज की। अगले चुनाव में यह सीट सपा के खाते में आ गई। इस बार समाजवादी पार्टी के नेता मुख्तार अनीस सीतापुर की सीट से जीते। 1998 में फिर बीजेपी ने वापसी की लेकिन 1999 में इस पर बसपा कब्जा जमाने में कामयाब रही। बसपा ने इसके बाद लगातार दो बार यहां विजय पताका फहराया। 2014 में मोदी लहर में यह सीट बीजेपी के खाते में चली गई। राजेश वर्मा यहा के सांसद हैं।

सीतापुर रेलवे स्टेशन।

सीतापुर में वोटरों की स्थिति 

महिला मतदाता
712,053
पुरुष मतदाता
838,148
कुल मतदाता
1,550,263 

लोकसभा -वर्ष -सांसद -पार्टी  

  • पहली 1952 उमा नेहरु भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
  • दूसरी 1957 उमा नेहरु भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
  • तीसरी 1962 सूरज लाल वर्मा भारतीय जन संघ
  • चौथी 1967 शारदा नंद भारतीय जन संघ
  • पांचवी 1971 जगदीश चन्द्र दीक्षित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
  • छठवीं 1977 हरगोविंद वर्मा भारतीय लोक दल
  • सातवीं 1980 राजेंद्र कुमार बाजपई भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
  • आठवीं 1984 राजेंद्र कुमार बाजपई भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
  • नौवीं 1989 राजेंद्र कुमार बाजपई भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
  • दसवीं 1991 जनार्दन प्रसाद मिश्र भारतीय जनता पार्टी
  • ग्यारहवीं 1996 मुख्तार अनीस समाजवादी पार्टी
  • बारहवीं 1998 जनार्दन प्रसाद मिश्र भारतीय जनता पार्टी
  • तेरहवीं 1999 राजेश वमार् बहुजन समाज पार्टी
  • चौदहवीं 2004 राजेश वर्मा बहुजन समाज पार्टी
  • पंद्रहवीं 2009 कैसर जहान बहुजन समाज पार्टी
  • सोलहवीं 2014 राजेश वर्मा भारतीय जनता पार्टी

ये भी पढ़ेंः कांग्रेस की दूसरी सूचीः पुराने भी साथ, नए का भी थामा हाथ, कानपुर से श्रीप्रकाश, सीतापुर से कैसर..