Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

महोबा में दिनदहाड़े दबंगों ने महिला प्रधान के ससुर को गोली मारी, कानपुर रेफर

समरनीति न्यूज, महोबा/बांदाः महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र में आज दिनदहाड़े बदमाशों ने महिला प्रधान के ससुर को गोली मार दी। घटना का कारण खेत पर पानी लगाने को लेकर हुई कहा-सुनी बताई जा रही है। घटना की जानकारी होने पर पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घायल बुजुर्ग को गंभीर हालत में कबरई स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से इलाज के लिए चिंताजनक हालत में उनको कानपुर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। दबंगों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

आपसी विवाद में दिनदहाड़े वारदात से सनसनी  

बताया जाता है कि महोबा के थाना कबरई क्षेत्र के गहरा गांव की महिला प्रधान आशा देवी के ससुर राजेंद्र सिंह (64) गांव के गणमान्य व्यक्ति हैं। बताया जाता है कि गांव के एक गरीब छत्रपाल को उसके खेत पर कब्जे की नियत से गांव के ही कुछ दबंग धमका रहे थे।

ये भी पढ़ेंः चित्रकूट में तालाब में डूबकर 17 साल के किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

बताया जाता है कि सुबह करीब साढ़े 11 बजे राजेन्द्र सिंह मामले में सुलह कराने की नीयत से छत्रपाल के खेत में गए थे लेकिन दबंगों ने दोबारा दबंगई दिखाना शुरू कर दिया। उनके पुत्र अर्जुन सिंह ने बताया कि सभी दबंग-रायफल बंदूक और अवैध असलहे लिए थे।

गांव में चुनावी खुन्नस में घटना की चर्चा 

राजेंद्र सिंह का बीच-बचाव कराना दबंगों को बुरा लगा और उन्होंने लाठी-डंडों से उनको पीटना शुरू कर दिया। इससे भी उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ। बाद में एक दबंग ने रायफल से राजेंद्र सिंह पर गोली चला दी। गोली उनके हाँथ में लगी। गोली मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन घायल हालत में उनको जिला अस्पताल ले गए।

ये भी पढ़ेंः बांदा थाने में सुसाइड प्रकरणः 10 लाख और विरोधियों पर मुकदमे की बात पर सुलटा मामला

वहां से गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया है। घायल के पुत्र की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग घायल के साथ कानपुर गए हुए हैं। वहां से लौटकर ही आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई कराएंगे। उधर, ग्रामीणों की माने तो विवाद प्रधानी के चुनाव से जुड़ा है और सजातीय लोगों के बीच वर्चस्व की लड़ाई को लेकर घटना हुई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है।