Sunday, April 28सही समय पर सच्ची खबर...

कानपुर के स्वरूपनगर में महिला सिपाही मिनी चौधरी की संदिग्ध हालात में मौत, हास्टल में मिली लाश

महिला सिपाही मिनी चौधरी। (फाइल फोटो)

समरनीति न्यूज, कानपुरः शहर के स्वरूपनगर थानाक्षेत्र में एक महिला सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव हास्टल में मिला है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। बताते हैं कि मिनी  चौधरी (25) कानपुर के चमनगंज थाने में तैनात थीं। 2016 बैच में भर्ती हुईं मिनी इस समय कानपुर के स्वरूपनगर इलाके में बने एक हास्टल में रहा करती थीं।

इसी हास्टल में पांच अन्य महिला सिपाही भी रहती थीं। आज  हास्टल के कमरे में उनका शव पड़ा मिला। हास्टल के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी (पश्चिम)  ने बताया है कि सिपाही मिनी चौधरी के पति भी सेना में हैं। बताया कि उनके शव का पैनल पोस्टमार्टम होगा। साथ ही उसकी वीडियो रिकार्डिंग भी कराई जाएगी। सात साल पहले उनकी शादी हुई थी।