Monday, May 6सही समय पर सच्ची खबर...

बांदा दूरदर्शन केंद्र में सहायक अभियंता के सेवानिवृत होने पर साथियों ने किया विदाई समारोह

बांदा दूरदर्शन केंद्र में सेवानिवृत विदाई समारोह में कर्वी के सहायक अभियंता वीके पांचाल व उनकी पत्नी के साथ समस्त स्टाफ।

समरनीति न्यूज, बांदाः आज बुधवार को दूरदर्शन केंद्र बांदा में सहायक अभियंता दूरदर्शन (कर्वी) वीके पांचाल को उनकी सेवानिवृत्ति पर विदाई दी गई। दूरदर्शन कर्वी के सहायक अभियंता वी के पांचाल सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर निदेशक अभियांत्रिकी स्वतंत्र सिंह के निर्देशानुसार स्थानीय दूरदर्शन एवं आकाशवाणी एफएम केंद्र परिसर बांदा में उनका विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह कार्यक्रम का संचालन करते हुए सजल कुमार रेंडर ने आए हुए सभी अतिथियों का परिचय करवाया। साथ ही आरएस परिहार, सहायक निदेशक अभियांत्रिकी, आकाशवाणी एफएम (झांसी) ने श्री पांचाल को माला पहनाते हुए उनका स्वागत किया।

सभी ने सम्मानित कर दीं शुभकामनाएं  

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह समय हर नौकरी पेशा व्यक्ति के जीवन में आता है। आरके वर्मा डीडीओ, दूरदर्शन अनुरक्षण केंद्र (झांसी) द्वारा उनको शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सरकारी कार्य करते हुए कर्मचारी इतना अभ्यस्त हो जाता है कि रिटायर होने के बाद उसे काफी खालीपन लगता है। खाली समय का सदुपयोग कैसे हो, यही उस व्यक्ति पर निर्भर करता है। जीएस गुप्ता सहायक अभियंता, ने सभी कर्मचारियों की तरफ से एक स्मृति चिह्न भेंट किया।

सेवानिवृत अधिकारी व उनकी पत्नी को सम्मानित करते सजल कुमार रेंडर।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि इस बार इस विदाई समारोह के आयोजन के लिए दूरदर्शन एवं आकाशवाणी, बांदा को मौका दिया गया है। राजकुमार गुप्ता, सहायक अभियंता, ने सभी कर्मचारियों की तरफ से उन्हें रामचरितमानस भेंट की। साथ ही कहा कि अपने जीवन के उन उद्देश्यों की पूर्ति कर सकेंगे जिसके लिए आप को समय नहीं मिल पाता था।

ये भी पढ़ेंः जन्मदिन पर खासः खूबसूरत मधुबाला की प्रेम कहानी की अधूरी दास्तां..

अजय शंकर त्रिपाठी, सहायक अभियंता ने अपने संबोधन में कहा कि हम उस शख्स को भूल जाते हैं जिसकी सबसे बड़ी भूमिका होती है। श्री पांचाल जी ने जो भी एचीव किया है उसके पीछे जो सबसे बड़ा सहयोग उनकी पत्नी का रहा है। उन्होंने शुभकामनाएं दीं कि आपकी जोड़ी ईश्वर हमेशा यूं ही बनाए रखें। इस मौके पर श्री पांचाल ने लोगों को संबोधित करते हुए नौकरी की शुरुआत से सेवानिवृत्त तक के अपने अनुभवों को साझा किया। कहा कि सबसे ज्यादा आवश्यकता धैर्य की होती है।

सम्मान पाकर भावुक हुए पांचाल 

सेवाकाल में हर तरह के इंसान मिलते हैं और कोशिश करनी चाहिए कि हर एक से कुछ ना कुछ हम सीखें। यदि आप ध्यान पूर्वक और विनम्रता पूर्वक अपने कार्य को करते रहेंगे तो निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। कहा कि दूरदर्शन आकाशवाणी के सभी कर्मचारियों को तहे दिल से धन्यवाद व्यक्त करता हूं कि आपने प्रेम भाव मुझे विदाई दी है। इसके लिए आप सभी का आभारी हूं।

ये भी पढ़ेंः बांदाः चलो स्कूल, अब बंद हुई मस्ती-शुरू हुई पढ़ाई..

इस विदाई समारोह में लेखाकार रवि शंकर शर्मा, लेखाकार डीएस गुप्ता, पी के साहू, राधेमोहन व्यास, एसपी व्यास, सहायक अभियंता एएस त्रिपाठी, रामराज, डीके कुरील, विनय अहिरवार, जे एस भदौरिया, एनके पाठक, प्रशांत चौरसिया, तरुण कुमार, मौजीलाल, प्रमोद गुप्ता, बाबूलाल, राम जी समेत बड़ी संख्या में स्टाफ के लोग मौजूद रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंटकर श्री पांचाल एवं श्रीमती पांचाल का स्वागत किया और दोनों के सुखी स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

ये भी पढ़ेंः हाल-ए-बांदा जिला अस्पताल, तीमारदार खींचते हैं स्ट्रेचर, मरीज पकड़ता है खुद ड्रिप की बोतल