Saturday, May 18सही समय पर सच्ची खबर...

अमरोहा में पत्नी ने प्रेमी से मिलकर कराई 20 हजार में पति की हत्या, अब बालों से होगा डीएनए टेस्ट

समरनीति न्यूज, अमरोहाः जिले में एक बेहद चौंकाने वाला हत्याकांड खुलकर सामने आया है। हत्याकांड की साजिश मरने वाले की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। बाद में इसी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सिर्फ 20 हजार रुपए में भाड़े के हत्यारों से अपने पति का कत्ल करा दिया। मृतक की मां के आरोपों के बाद पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए छानबीन शुरू की। इसके बाद खुलासा होता चला गया।

मां ने लगाया आरोप तो पुलिस पूछतांछ में हुआ खुलासा 

बताया जाता है कि जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के गांव भीमा ठीकरी का रहने वाला कर्मवीर सिंह बीती 25 अक्टूबर को खेत से काम करते हुए गायब हो गया था। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला था। परिवार के लोग उसकी काफी तलाश कर रहे थे लेकिन कहीं कोई अता-पता नहीं चल रहा था।

ये भी पढ़ेंः सेक्स, धोखा और मर्डर की फिल्मी कहानी जैसा माडल एंजेल और मंजीत की साजिश वाला संगीता हत्याकांड

इसी बीच मृतक की मां अनारो देवी ने हसनपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसके बेटे की हत्या हो चुकी है। महिला ने यह भी कहा कि हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसी की बहू और उसके प्रेमी ने कराई है। पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए वृद्धा की बहू और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद दोनों से पूछताछ की। शुरू में पुलिस को घुमाने की कोशिश हुई लेकिन बाद में दोनों ने अपना जुर्म कबूल लिया।

प्रतिकात्मक फोटो।

1 महीने बाद बदल दी दफनाने की जगह

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हत्या भाड़े के हत्यारों से कराई गई थी। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मृतक के बाल बरामद किए हैं। बालों को डीएनए की जांच के लिए भेजा जा रहा है।

ये भी पढ़ेंः गायत्री प्रजापति के खिलाफ रेप का मुकदमा लिखाने वाली महिला से हुआ रेप, छानबीन में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और छानबीन में पता चला है कि कर्मवीर की हत्या के बाद उसके शव को पहले जंगल में लेकर जाकर दबा दिया गया। लेकिन लगभग 1 महीने बाद हत्यारों ने हत्यारोपियों के कहने पर शव के अवशेषों को वहां से निकालकर दूसरी जगह लेकर जाकर दफना दिया। लंबी जद्दोजहद के बाद पुलिस को मरने वाले के बाल बरामद हुए हैं। शिनाख्त के लिए बालों को डीएनए परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है।