Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

..तो क्या झूठ बोल रही हैं सपना चौधरी? शामिल होने से इंकार पर कांग्रेस का भी पलटवार

कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करते दिखाई जा रही यही फोटो। फोटो में सपना के साथ यूपी कांग्रेस के नेता।

समरनीति न्यूज, डेस्कः  सपना चौधरी के कांग्रेस ज्वाइन करने की खबरें जितनी तेजी से चलीं उतनी ही तेजी से सपना ने प्रेसकांफ्रेंस बुलाकर इससे इंकार कर दिया। सपना ने कहा है कि उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन नहीं की है और न ही भविष्य में उनके द्वारा कांग्रेस ज्वाइन करने की कोई योजना है। सपना ने कहा है कि अगर वह ऐसा करेंगी तो खुद इसकी जानकारी देंगी। इसके साथ ही सपना एक बार फिर विवादों सेे घिर गई हैं। हांलाकि यह कोई पहला मौका नहीं है जब सपना चौधरी विवादों में हों। कुल मिलाकर सपना की राजनीतिक पारी शुरू होने से पहले ही अविश्वास और विवादों में खो गई।

प्रेसवार्ता कर सपना ने किया खबरों का खंडन   

आज मीडिया से  बात करते हुए सपना चौधरी ने कहा है कि उनको जो फोटो सोशल मीडिया पर चल रहीं हैं, वह पुरानी हैं। हांलाकि बीते 2-3 दिन में प्रियंका गांधी से मुलाकात की बात से उन्होंने इंकार नहीं किया। सवाल यह उठता है कि क्या सपना चौधरी झूठ बोल रही हैं? क्या सचमुच उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन नहीं की?

प्रियंका गांधी व सपना चौधरी।

कांग्रेस का पलटवार, मेंबरशिप फार्म पर दस्तखत  

उधर, कांग्रेस ने भी सपना चौधरी पर पलटवार किया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस सचिव नरेंद्र राठी ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि सपना के सदस्यता फार्म पर दस्तखत हैं और उनके साथ उनकी बहन ने भी शनिवार को कांग्रेस ज्वाइन की। इतना ही नहीं खुद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने सपना चौधरी को कांग्रेस ज्वाइन करने पर बधाई दी थी। राठी ने सपना के दावे को गलत ठहराया, कहा कि सपना के फार्म पर दस्तखत हैं।

पहले आई थी यह खबर, मथुरा से थी लड़ने की चर्चा 

हरियाणवी डांसर-सिंगर और अभिनेत्री सपना चौधरी ने लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। सपना को यूपी के कांग्रेस प्रदेश संगठन मंत्री नरेंद्र राठी ने दिल्ली में पार्टी की सदस्यता दिलाई। शनिवार को सपना ने प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात भी की। सपना के कांग्रेस में शामिल होने के बाद कांग्रेस को हरियाणा और यूपी समेत बिहार की कुछ सीटों पर बड़ा फायदा मिल सकता है।

हरियाणा, यूपी-बिहार में बड़ी संख्या में प्रशंसक 

बताते चलें कि हरियाणा के साथ ही सपना चौधरी के यूपी और बिहार में भी बड़ी संख्या में प्रशंसक हैं और कई बार उनको कार्यक्रमों को प्रशासन इसलिए अनुमति नहीं देता है, क्योंकि प्रशंसकों की भीड़ को संभालना मुमकिन नहीं होता है। उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें काफी समय से लगाई जा रही थीं। इतना ही नहीं चर्चा थी कि मथुरा से उनको अभिनेत्री हेमा मालिनी के खिलाफ मैदान में उतारा जा सकता है।

कथिततौर पर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करतीं सपना चौधरी।

हरियाणा के रोहतक के मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वालीं सपना ने 18 साल की उम्र में पिता को खो दिया था। उनका जन्म 25 सितंबर 1990 को रोहतक में हुआ था। उनके पिता रोहतक में एक निजी कंपनी में थे और पिता के बाद खुद सपना ने अपने परिवार की जिम्मेदारी उठाई। सपना ने अपनी जिंदगी में काफी संघर्ष किया। एक आरक्रेष्टा कंपनी में काम करके अपने कैरियर की शुरूआत करने वाली सपना ने धीरे-धीरे अपना एक मुकाम बना लिया।

ये भी पढ़ेंः अलका लांबा के कांग्रेस में शामिल होने वाले बयान से आप में मची खलबली, कांग्रेस हुई गदगद 

ये भी पढ़ेंः भाजपा में शामिल हुईं इस क्रिकेटर की पत्नी, निभा सकती हैं बड़ी जिम्मेदारी