Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, पार्टी से पहले ही निलंबित हो चुके हैं विधायक कुलदीप सेंगर

स्वतंत्र देव सिंह।

समरनीति न्यूज, लखनऊः उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के मामले में विपक्ष भाजपा पर चौतरफा हमला कर रहा है। सबसे ज्यादा फजीहत भाजपा की इस बात को लेकर हो रही है कि अबतक पार्टी ने दागी विधायक कुलदीप सेंगर को पार्टी से निकाला क्यों नहीं है। आज इस मसले पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विधायक कुलदीप सेंगर पहले ही पार्टी से निलंबित किए जा चुके हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष से भी बात हुई है। वहीं पीड़िता के साथ हुए सड़क हादसे दुखद बताते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि सरकार पीड़िता और उसके परिवार के साथ खड़ी है।

कहा, सरकार विधायक सेंगर को बचाने के पक्ष में नहीं  

इतना ही नहीं उसका सरकारी खर्च पर उचित इलाज चल रहा है। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पार्टी कभी विधायक कुलदीप सेंगर को बचाने के पक्ष में नहीं रही। कहा कि सरकार निष्पक्ष जांच के पक्ष में रही है और पीड़ित परिवार की हर संभव मदद कर रही है। कहा कि अच्छे से अच्छे डाक्टर से पीड़िता का इलाज कराया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पीड़िता के चाचा को आज 24 घंटे की पैरोल मिली है उसके लिए सरकार ने मदद की है।

बोले, ट्रक मालिक सपा का पूर्व जिला सचिव, होगी जांच  

स्वतंत्र देव ने कहा है कि सरकार मामले की सीबीआई जांच की संस्तुति कर चुकी है। साथ ही कहा कि मामले में जिस ट्रक मालिक का नाम आ रहा है वह पूर्व में समाजवादी पार्टी का जिला सचिव भी रहा है। कहा कि इसकी भी जांच की जा रही है। हालांकि भले ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह विधायक के निलंबित होने की बात कह रहे हों लेकिन यह भी गौर करने वाली बात है कि भाजपा ने इस सूचना को सार्वजनिक नहीं किया है।

ये भी पढ़ेंः उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता से मिलने पहुंचे अखिलेश यादव, कहा- परिवार की दुर्दशा के लिए योगी सरकार जिम्मेदार