समरनीति न्यूज, लखनऊ : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज के भाजपा सांसद कौशल किशोर और विधायक पत्नी जय देवी की बहू ने खुद के हाथों की नसें काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना से खलबली मच गई और घायल हालत में सांसद के बेटे आयुष की पत्नी को सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है, हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।बताया जाता है कि रविवार देर रात आयुष की पत्नी अंकिता अपनी ससुराल यानी अपने ससुर सांसद कौशल किशोर के घर पहुंची।
सिविल अस्पताल में इलाज
वहां उन्होंने हाथों की नसें काट लीं। दुबग्गा स्थित सांसद के घर पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन उनको अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। बताते चलें कि घटना से कुछ घंटे पहले ही अंकिता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह रोते हुए अपनी बात कह रही थीं। उनका कहना था कि उनके साथ धोखा हुआ है और कोई उनकी सुन नहीं रहा है। सब मिले हुए हैं..। बताते चलें कि सांसद के बेटे आयुष और बहू के बीच विवाद चल रहा है। मामला चर्चा का विषय बना है। आयुष का साला पहले ही उनपर गोली चलाने के आरोप में जेल जा चुका है।