समरनीति न्यूज, बांदाः जिले में शनिवार सुबह हुए हादसे में बोलेरो की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। महिला एक शिक्षक की पत्नी थीं और हादसे के वक्त अपने घर के दरवाजे पर सफाई कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने उनको टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। उधर, वाहन चालक मौके से भाग निकला। हांलाकि बोलेरो का नंबर मौके पर मौजूद लोगों और मृतका के शिक्षक पति ने तुरंत ही लिख लिया।
बबेरू कस्बे में सुबह करीब 7 बजे हादसा
बताया जाता है कि थाना बबेरू कस्बे में कमासिन रोड पर करुहिया पुरवा प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक रामकरन रहते हैं। उनकी पत्नी कुसमा (45) आज सुबह लगभग 7 बजे घर के बाहर दरवाजे पर सफाई कर रहीं थीं। इसी दौरान वहां से गुजर रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने उनको टक्कर मार दी।
ये भी पढ़ेंः घर से नाराज होकर निकली लड़की, बहलाकर ले गए दरिंदे ने पहले पिलाई शराब फिर रेप करके डाला तेजाब
टक्कर लगते ही खून से लतपत होकर वह जमीन पर गिर पड़ीं। घर के लोग पड़ोसियों की मदद से उनको स्वास्थ केंद्र लेकर पहुंचे। वहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उनको जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिवार में तीन बेटे और एक बेटी है। मृतका के पति ने बताया है कि हादसा करके भागी गाड़ी के मालिक से उनकी फोन पर बात हुई है। गाड़ी की पहचान हो चुकी है। पुलिस को भी इसकी जानकारी दी जा चुकी है।