
समरनीति न्यूज, बांदा: बांदा में एक 22 साल की युवती अंशू की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामला बांदा के मरका थाना क्षेत्र के अरमार गांव से जुड़ा है। शव गांव किनारे स्थित रहदन तालाब में मिला है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज सिंह व क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे।

मरका थाना क्षेत्र से जुड़ा मामला
जानकारी के अनुसार, मरका थाना क्षेत्र के अरमार गांव के श्याम बिहारी की बेटी 22 वर्षीय अंशू का शव गांव से बाहर तालाब से बरामद हुआ। मौके पर पहुंचकर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की है।
ये भी पढ़ें: दर्दनाक: बांदा में बारिश का कहर, दीवार गिरने से दो महिलाओं की मौत
मृतका के भाई जितेंद्र ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन ने तीन लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा लिखाया था।
गांव के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप
यह मामला वर्ष 2022 का था। उसने आरोप लगाया कि आरोपी उसकी बहन पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे। इसलिए उसकी बहन रात में घर से निकली। सुबह उसका शव मिला। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: बांदा पुलिस ने लौटाए 20 लाख के 111 खोए मोबाइल, मालिकों के चेहरे खिले
उधर, मृतका की मां शकुंतला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के संबंध में सीओ का कहना है कि थाना मरका से ग्राम अरमार में युवती का शव मिला है। मृतका के परिजनों ने आरोपियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: बांदा प्रशासन की संवेदनहीनता, भीगते हुए स्कूल जा रहे मासूम
