Thursday, September 24सही समय पर सच्ची खबर...

अमरोहा: विधायक के फार्महाउस पर युवती से गैंगरेप, दरोगा-सिपाही व CRPF के दो जवान गिरफ्तार

अमरोहा गैंगरेप मामले में प्रतिकात्मक फोटो
सांकेतिक फोटो।

समरनीति न्यूज, लखनऊ: यूपी के अमरोहा में हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक विधायक के फार्म हाउस पर युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी हसनपुर थाने के दरोगा, सिपाही और सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर व हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दरोगा और सिपाही को निलंबित भी कर दिया गया है। पीड़िता फिलहाल अमरोहा में वन स्टॉप सेंटर में है।

हरियाणा की रहने वाली है पीड़ित 23 साल की युवती, मुकदमा दर्ज

मामले में एसपी लखन सिंह यादव का कहना है कि पीड़ित युवती हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली है। वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है। युवती ने पुलिस को बताया है कि महिला मित्र ने उसे सीआरपीएफ के हेड कांस्टेबल मोहित से मिलवाया था। वह मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव सौरम का रहने वाला है।

हसनपुर थाने का दरोगा, सिपाही व CRPF इंस्पेक्टर समेत 4 गिरफ्तार

सोमवार (21 सितंबर) को वह सोनीपत से मोहित के साथ कार से निकली। आरोपी उसे मेरठ ले गया। वहां आरोपी का एक और साथी अलवर (राजस्थान) के हातनखेड़ा निवासी सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव मिला। वह भी कार में बैठ गया। सोमवार रात तीनों मेरठ में एक जगह पर रुके। अगले दिन मंगलवार शाम तीनों कार से हसनपुर कोतवाली पहुंचे।

ये भी पढ़ें: पूर्व बसपा विधायक के फार्म हाउस पर महिला से रेप, आरोपी की तलाश में पुलिस 

वहां थाने के गेट पर सादे कपड़ों में हसनपुर थाने में तैनात दरोगा संजय तोमर मिला। वह भी कार में बैठ गया। बताया जाता है कि इसके बाद कार झूलपुरी में स्थित खानपुर (उत्तराखंड) के एक विधायक के फार्म हाउस पहुंची। वहां चारों ने कमरे लिए। कुछ ही देर बाद हसनपुर थाने का सिपाही प्रमोद कुमार शराब और खाना लेकर पहुंचा।

युवती ने हिम्मत दिखाते हुए फार्म हाउस से किया पुलिस को फोन

आरोप है कि खाने-पीने के बाद मोहित, लालाराम और संजय तोमर युवती के कमरे में जा घुसे। तीनों ने युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। तीनों के निकलने के बाद सिपाही प्रमोद भी युवती के कमरे में दुष्कर्म करने की नियत से घुसा। लेकिन युवती ने हिम्मत दिखाते हुए धक्का देकर उसे बाहर निकालकर अंदर से कुंडी लगा ली।

ये भी पढ़ें: UP: पति के कर्ज के लिए SBI ने पत्नी की FD से निकाले रुपए, हाईकोर्ट की फटकार-जुर्माना

युवती ने पुलिस को फोन करके मदद मांगी। अमरोहा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों को गिरफ्तार कर लिया। सभी को हसनपुर थाने लाया गया। बुधवार को कोतवाली में सभी से पूछताछ हुई। चारों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस का कहना है कि मोहित सीआरपीएफ की पांचवीं बटालियन दिल्ली में हेड कॉन्स्टेबल है।

डीआईजी बोले, बर्खास्त होंगे आरोपी दरोगा और सिपाही दोनों

दूसरा आरोपी लालाराम यादव सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर है। उधर, मुरादाबाद रेंज के डीआईजी मुनिराज जी का कहना है कि हसनपुर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हसनपुर थाने में तैनात रहे आरोपी दरोगा और सिपाही को बर्खास्त किया जाएगा। साथ ही सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर और सिपाही के खिलाफ विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

ये भी पढ़ें: UP: ग्रेटर नोएडा में स्लीपर बस में आग, 9 लोगों की मौत-कई घायल