समरनीति न्यूज, जालौनः बेटे के साथ बाइक से मायके से घर लौट रही महिला की डंपर से कुचलकर मौत हो गई। वहीं बेटा घायल हो गया। हालांकि वह हादसे में बाल-बाल बच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। वहीं डंपर चालक मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि मृतका के घर पर आज भंडारे का कार्यक्रम था। बताया जाता है कि जिले के कुठौंध कस्बा की रहने वाले विद्याचरण की पत्नी जमुना देवी (45) अपने बेटे के साथ मायके से घर लौट रही थीं।
गुरुवार सुबह हुआ हादसा
वह दो दिन पहले अपने मायके में भाई की बेटी की गोद भराई की रस्म में शामिल होने गई थीं। गुरुवार सुबह बेटे के साथ बाइक से उरई से लौटते वक्त रास्ते में सिरसाकलार गांव में डंपर ने उनको टक्कर मार दी। इससे बाइक पलट गई और महिला ट्रक के पहिये के नीचे आ गिरीं।
पहिया उपर से गुजरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लड़का भी घायल हो गया। सीओ जालौन सुबोध गौतम सिरसाकलार प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के साथ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बताया जाता है कि महिला के घर पर नगला बाबा की स्थापना हुई थी जिसके तहत आज घर में भंडारे का कार्यक्रम था।