Friday, May 3सही समय पर सच्ची खबर...

मैनपुरी में दरोगा की रिवाल्वर से चली गोली से तीन पुलिसकर्मी समेत छह घायल 

मैनपुरी अस्पताल में इलाज कराते घायल पुलिसकर्मी व मौजूद अधिकारी।

समरनीति न्यूज, मैनपुरीः यूपी के मैनपुरी में एक चौकी इंचार्ज की रिवाल्वर से गोली चल जाने से तीन पुलिसकर्मियों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत गंभीर लेकिन खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बताते हैं कि मैनपुरी के आगरा गेट चौकी इंचार्ज सतेंद्र पाल सिंह आज शहर कोतवाली अपनी रिवाल्वर लेकर पहुंचे थे। वहां अचानक उनकी रिवाल्वर से गोली चल गई। इससे कोतवाली के बरामदे में बैठे एक अन्य दरोगा आरके सिंह भदौरिया, सिपाही रामब्रेश यादव, श्यामवीर सिंह तथा होमगार्ड सुमन कुमारी, धीरेंद्र सिंह, अनिल किशोर घायल हो गए।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां इनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक अजय शंकर राय ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिस कर्मियों से बातचीत करके हालचाल लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दरोगा अपनी पिस्टल की मैगजीन निकालकर खाली कर रहे थे। इसी दौरान शटर में एक कारतूस बाकी था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और वहां सन्नाटा पसर गया।