Monday, January 13सही समय पर सच्ची खबर...

यूपी BJP अध्यक्ष बनेगा कौन? तावड़े ने लखनऊ में टटोली नब्ज

Who-Will-Become-UPBJP-President-Tawde-Felt-Pulse-In-Lucknow

समरनीति न्यूज, ब्यूरो (लखनऊ): संगठन के चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी बेहद सधे कदमों के साथ आगे बढ़ रही है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े बुधवार को दो दिन के दौरे पर लखनऊ पहुंचे हुए हैं। बता दें कि तावड़े यूपी में संगठन चुनाव के पार्टी पर्यवेक्षक भी हैं। ऐसे में उनका दौरा काफी अहम है। हालांकि, कहा यही जा रहा है कि एक मीडिया हाउस के कार्यक्रम में तावड़े लखनऊ पहुंचे हैं।

सीएम योगी और डिप्टी सीएम मौर्य से मुलाकात

लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तावड़े ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से अलग-अलग मुलाकात की। पार्टी सूत्र बताते हैं कि नए प्रदेश अध्यक्ष के नामों पर मंथन हुआ। तावड़े की सीएम योगी से लगभग एक घंटे तक बातचीत हुई। इसके बाद डिप्टी सीएम मौर्य के आवास पर भी गए।

नेताओं से अलग मुलाकात में लिया फीडबैक

जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी भाजपा कार्यालय में तावड़े से मुलाकात की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पार्टी कार्यालय में तावड़े का स्वागत किया। तावड़े की प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल से भी अलग-अलग मुलाकातें हुईं। बताते चलें कि तावड़े यूपी के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर बन रहे समीकरणों और स्थानीय राजनीति के नब्ज टटोलने पहुंचे हैं।

जल्द लखनऊ आने वाले हैं पीयूष गोयल भी

इसके बाद यहां मिलने वाली फीडबैक दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखेंगे। बताया जा रहा है कि जल्द ही पीयूष गोयल भी लखनऊ पहुंचेंगे। दरअसल, प्रदेश में नए जिलाध्यक्षों का चुनाव चल रहा है। इसके फौरन बाद प्रदेश अध्यक्ष के लिए चुनाव होगा। पार्टी का पूरा जोर 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए एक प्रभावी चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चुनना है।

ये भी पढ़ें: क्या यूपी में कुछ बड़ा होने वाला है..? दोनों डिप्टी CM दिल्ली में डाले हैं डेरा..