Monday, April 29सही समय पर सच्ची खबर...

कानपुरः केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रियंका गांधी से धक्का-मुक्की पर कही यह बात..

central minister Arjun munda in Kanpur

समरनीति न्यूज, कानपुरः रविवार को कानपुर में आयोजित 22वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता-2019 के शुभारंभ मौके पर जनजातीय मंत्री अर्जुन मुंडा यहां पहुंचे। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय जनजातीय मंत्री अर्जुन मुंडा से जब राजधानी लखनऊ में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ हुई धक्का-मुक्की को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को सुरक्षा कर्मियों द्वारा उनकी सुरक्षा को लेकर नियंत्रण करने की कार्रवाई को अन्यथा नहीं लेना चाहिए। हालांकि, मुंडा ने यह भी कहा कि उनको इस मामले में बहुत ज्यादा जानकारी अभी नहीं है। केंद्रीय मंत्री मुंडा आज यहां वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता-2019 के शुभारंभ के मौके पर कानपुर पहुंचे थे। यहां वह मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे।

मुंडा ने कहा, सुरक्षा के लिए हुई नियंत्रण की कोशिश

एक सवाल के जवाब में मुंडा ने कहा कि फिर भी वह कहना चाहेंगे कि उनकी (प्रियंका गांधी की) सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मी उन्हीं की सुरक्षा के लिए उनको नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे थे, इसलिए इसे अन्यथा नहीं लिया जाना चाहिए। दरअसल, मुंडा कानपुर में रविवार को आयोजित 22वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता-2019 के शुभारंभ के मौके पर पहुंचे थे। यहां झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं मौजूदा केंद्रीय मंत्री श्री मुंडा देशभर के खिलाड़ियों से मिले और उनका उत्साहवर्धन किया।

ये भी पढ़ेंः लखनऊ में प्रियंका गांधी से धक्का-मुक्की, बोलीं-महिला पुलिसकर्मी ने गला भी दबाया

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मुंडा ने कहा है कि देश के 39 फीसद भू-भाग पर बसे लोगों की जिंदगी संवारने का काम चल रहा है। यह काम वनवासी आश्रम द्वारा बहुत ही अच्छे ढंग से किया जा रहा है। मुंडा ने कहा कि भारत एक देश या सिर्फ भू-भाग नहीं है, बल्कि यह एक जीवंत आत्मा है और यह भारत माता है। इस कार्यक्रम में यूपी के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने भी खिलाडिय़ों से मुलाकात करते हुए उनको प्रोत्साहित किया। डिप्टी सीएम श्री शर्मा ने कहा कि खेल में हार और जीत दोनों शामिल होती हैं, लेकिन महत्वपूर्ण तो खेलों में हिस्सा लेना होता है।

यह है पूरा कार्यक्रम

उन्होंने वनवासी आश्रम के कार्यों की भी प्रशंसा की। दरअसल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय में वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन आज से शुरू हुआ है। इस प्रतियोगिता में देशभर से खिलाड़ी हिस्सा लेने के लिए आए हुए हैं। 22वीं वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता में पूरे देश से 40 राज्यों के लगभग 800 खिलाड़ी यहां कानपुर पहुंचे हैं। इस दौरान तीरंदाजी और कबड्डी का आयोजन होगा। ये खिलाड़ी उसी में हिस्सा लेंगे।

ये भी पढ़ेंः लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया भारत रत्न स्व. अटल जी की प्रतिमा का अनावरण