Friday, May 3सही समय पर सच्ची खबर...

भाजपा के बड़े नेताओं के निधन पर साध्वी को शक, विपक्ष कर रहा मारक शक्ति का प्रयोग..

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर।

समरनीति न्यूज, डेस्कः बीते एक साल में प्रभावी व्यक्तित्व के धनी कई भाजपा नेताओं के निधन से पूरा देश दुखी भी है और स्तब्ध भी। ऐसे में भोपाल सीट से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का एक बड़ा ही चौंकाने वाला आरोप सामने आया है। हालांकि साध्वी पहले भी अपने बयानों को लेकर भाजपा की किरकिरी करा चुकी हैं। अब नए चौंकाने वाले बयान में साध्वी ने कहा है कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के निधन को लेकर उनको शक है कि विपक्ष इसके लिए मारक शक्ति का इस्तेमाल कर रहा है। इससे उनके नेताओं की असमय मौत हो रही है।

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का दावा  

इतना ही नहीं अपनी बात कहते हुए साध्वी ने यहां तक कहा है कि जब वह चुनाव लड़ रही थीं, तब एक संन्यासी ने उनसे कहा था कि यह बहुत बुरा समय चल रहा है और भाजपा नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। दरअसल, साध्वी ने ये बातें सोमवार को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा कार्यालय में उस वक्त कहीं, जब वह बीजेपी के दिवंगत नेताओं के लिए आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बोल रही थीं।

सन्यासी का किया जिक्र   

साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि उनको शक है कि विपक्ष भाजपा नेताओं पर मारक शक्ति का उपयोग कर रहा है। यह भी कहा कि उनके चुनाव लड़ने के दौरान एक सन्यासी महाराज ने उनसे कहा था कि बहुत बुरा समय है, आप अपनी साधना बढ़ाओ। साध्वी ने कहा कि सन्यासी महाराज ने कहा था कि विपक्ष आपकी पार्टी पर एक मारक शक्ति का प्रयोग कर रहा है, सावधान रहिए। साध्वी ने यह भी कहा कि वह इस बात को भूल गई थीं, लेकिन अब उनको यह बात सच लग रही है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व वाले नेता हमारे बीच से असमय जा रहे हैं।

1 साल के अंदर इन भाजपा नेताओं का निधन 

बताते चलें कि बीते 1 साल के भीतर कई भाजपा नेताओं का निधन हुआ है। बीते वर्ष 16 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का निधन हुआ। फिर इसी वर्ष वरिष्ठ भाजपा नेता मनोहर पर्रिकर, अनंत कुमार, बाबूलाल गौर के साथ-साथ सुषमा स्वराज और अरुण जेटली का भी निधन हो गया। ये नेता भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के रहे हैं। ये सभी कद्दावर नेता थे और इनकी श्रेष्टता का लोहा विपक्ष भी मानता था।

ये भी पढ़ेंः शहीद हेमंत करकरे को लेकर साध्वी प्रज्ञा के विवादित बयान से चढ़ा सियासी पारा.. 

ये भी पढ़ेंः बापू के हत्यारे को साध्वी के बाद हेगड़े ने भी किया महिमामंडित, मोदी बोले- माफी नहीं