Sunday, April 28सही समय पर सच्ची खबर...

उन्नाव के माखी थाने में दुष्कर्म आरोपी ने जहर खाया, मचा हड़कंप

makhi police station
सांकेतिक फोटो।

समरनीति न्यूज, उन्नावः बीते कुछ माह से दुष्कर्म मामले में प्रदेशभर में चर्चा का विषय बनी उन्नाव जिले के माखी थाने की पुलिस फिर सुर्खियों में आ गई है। बताते हैं कि आज सोमवार दोपहर दुष्कर्म के एक आरोपी ने थाने में जहर खा लिया। रविवार को ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। उसे न्यायालय ले जाने की तैयारी चल रही थी कि इसी दौरान आरोपी के जहर खाने की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी को गंभीर हालत में उन्नाव जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे चिंताजनक हालत में बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया है। घटना के संबंध में उन्नाव के पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर का कहना है कि आरोपि युवक का इलाज चल रहा है।

डाक्टरों ने गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया

बताया जाता है कि माखी थाना क्षेत्र के मेथीटिकुर गांव का रहने वाला रशीद, बीती 31 मई 2019 को गांव की एक लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। लड़की के पिता की ओर से आरोपी के खिलाफ 6 जून को थाने में अगवा करने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए लगभग छह माह बाद 6 दिसंबर को युवती को बरामद किया। डाक्टरी परीक्षण के लिए पीड़ित लड़की ने आरोपी पर रेप का भी आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पर रेप की धाराओं को भी बढ़ाया।

ये भी पढ़ेंः उन्नाव में टेनरी के केमिकल टैंक में गिरकर दो मजदूरों की मौत, परिजनों का हंगामा 

बीते रविवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे थाने ले आई। पुलिस आज आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही थी। बताते हैं कि इसी बीच थाने में उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को उसकी हालत बिगड़ने पर जानकारी हुई। महकमे में हड़कंप मच गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार का कहना है कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के लिए ले जा रहे थे। जमीन पर एक पुड़िया पड़ी थी, आरोपी ने उसे उठाकर खा लिया। उन्होंने दावा किया कि आरोपी की हालत खतरे से बाहर है।

ये भी पढ़ेंः उन्नाव में HP गैस प्लांट के बाहर खड़े ट्रक में आग लगी, 1 की मौत, 2 गंभीर