Saturday, May 18सही समय पर सच्ची खबर...

सपाइयों पर पुलिस का लाठीचार्ज, धरने पर बैठे सांसद धर्मेंद्र यादव का सिर फूटा, जमकर बवाल

प्रयागराज में बालसन चौराहे के पास सपाइयों पर लाठीचार्ज करती पुलिस।

समरनीति न्यूज, प्रयागराजः लखनऊ में अमौसी एयरपोर्ट पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को प्रयागराज आने से प्रशासन ने रोक दिया। इसके विरोध में प्रयागराज में सपा कार्यकर्ताओं ने बालसन चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अचानक हालात बेकाबू हो गए। इसके बाद पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया।

अखिलेश यादव को लखनऊ में रोके जाने का विरोध कर रहे थे सपाई  

प्रयागराज में बालसन चौराहे के पास सपाइयों पर लाठीचार्ज के बाद घायल साथी को उठाकर ले जाते सपा कार्यकर्ता।

इस दौरान सपा सांसद धर्मेंद्र यादव के सिर में चोट आई। कई और कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मौके पर तनावपूर्ण शांति का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ेंः लखनऊ एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव को अधिकारियों ने प्रयागराज जाने से जबरन रोका, विधान परिषद में हंगामा

बताया जाता है कि लखनऊ में अखिलेश यादव को रोके जाने के विरोध में प्रयागराज में बालसन चौराहे सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया। जमकर नारेबाजी भी हुई।

पुलिस लाठीचार्ज में घायल सांसद धर्मेंद्र यादव के सिर से निकलता खून दिखाते सपा कार्यकर्ता।

सीओ और गनर भी हुए घायल 

इस दौरान अचानक हालात बेकाबू हो गए। एक सीओ और उनका गनर घायल हो गए। पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया। इसमें सपा सांसद धर्मेंद्र यादव के सिर में चोट लग गई।

ये भी पढ़ेंः विधानसभा में नारेबाजी करते वक्त सपा विधायक बेहोश, डाक्टरों ने बताया ब्रेन हैमरेज, ट्रामा सेंटर में भर्ती

वहीं एक दर्जन से ज्यादा सपा कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। बताया जाता है कि विरोध करने के लिए सपा कार्यकर्ता इलाहाबाद विवि के यूनियन हाल से पद यात्रा करते पहुंचे बालसन चौराहे पहुंचे थे।

सड़क पर पडीं खून की छींटे और सपा कार्यकर्ता की टोपी।

गांधी प्रतिमा के सामने चल रहा था धरना 

वहां गांधी प्रतिमा के सामने धरना दे रहे थे। इसी दौरान हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लगभग एक दर्जन सपाइयों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस सपा सांसद को धरनास्थल से उठाने की कोशिश में लग गई।

ये भी पढ़ेंः यूपी में सपा सरकार के पूर्व मंत्री के घर-फैक्ट्री और दफ्तरों में आयकर अफसरों के ताबड़तोड़ छापे, मचा हड़कंप

तभी हालात और बिगड़ गए। बताते हैं कि लाठीचार्ज में सासंद का सिर भी चुटहिल हो गया। फिलहाल बालसन चौराहे पर डीएम व एसएसपी मौके पर डटे हैं। फिलहाल हालात पूरी तरह से काबू में हैं।