Saturday, May 4सही समय पर सच्ची खबर...

कांग्रेस की दूसरी सूचीः पुराने भी साथ, नए का भी थामा हाथ, कानपुर से श्रीप्रकाश, सीतापुर से कैसर..

फाइल फोटो।

समरनीति न्यूज, डेस्कः कांग्रेस ने अब तक 80 में से 27 लोकसभा सीट पर अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। बुधवार को घोषित प्रत्याशियों की दूसरी सूची में कांग्रेस ने कई पुराने चेहरों पर दांव लगाया है। इसमें कानपुर से पूर्व मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल और मुरादाबाद से फिल्म अभिनेता एवं प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर को मैदान में उतारा है।

पहले जारी की थी  15 उम्मीदवारों की सूची 

बता दें कि इससे पहले कांग्रेस ने 15 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इस तरह कांग्रेस अबतक यूपी में अपने 27 उम्मीदवार तय कर चुकी है। कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल को एक बार फिर कानपुर से मैदान में उतारा है। अभिनेता एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर को गाजियाबाद की बजाय मुरादाबाद से टिकट दिया है। इसी तरह प्रतापगढ़ में पूर्व सांसद रत्ना सिंह ही दोबारा चुनाव लड़ेंगी। इसी तरह भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुईं मौजूदा सांसद सावित्री बाई फुले को बहराइच से ही मैदान में उतारा गया है।

ये भी पढ़ेंः कांग्रेस ने लोकसभा के लिए 15 उम्मीदवारों के नामों का किया ऐलान, अमेठी से राहुल, उन्नाव से अन्नू मैदान में..

पूर्व सांसद तथा हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुईं ओमवती देवी जाटव को नगीना (बिजनौर) की सुरक्षित सीट से कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया है। मीरजापुर से कांग्रेस द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री पंडित कमलापति त्रिपाठी के प्रपौत्र ललितेश पति त्रिपाठी को मैदान में उतारा गया है। ललितेश मीरजापुर के विधायक भी रह चुके हैं।

मोहनलालगंज से रमाशंकर भार्गव को टिकट

वहीं खीरी से 2014 में हार चुके पूर्व सांसद जफर अली नकवी को टिकट दिया है। वहीं सीतापुर से कुछ दिन पहले बसपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुईं कैसरजहां को टिकट दिया गया है। वहीं पूर्व गृहमंत्री रामलाल राही जो कि हाल ही में भाजपा छोड़कर दोबारा कांग्रेस में आए हैं, उनके परिवार की मंजरी राही को मिश्रिख से टिकट मिला है।

ये भी पढ़ेंः भाभी जी ने थामा कांग्रेस का हाथ, फैन्स बोले, गलत पकड़ें हैं

कांग्रेस के मोहनलालगंज की सुरक्षित सीट से सपा से कांग्रेस में आए पूर्व सांसद रमाशंकर भार्गव को टिकट दिया है। वहीं फतेहपुर लोकसभा सीट से हाल ही में सपा से कांग्रेस में आए राकेश सचान को टिकट दिया है। सुलतानपुर से राज्यसभा सदस्य डा संजय सिंह, संतकबीरनगर से परवेज खान, बांसगांव से कुश सौरभ, लालगंज से पंकज मोहन सोनकर को टिकट दिया गया है। वहीं राबर्ट्सगंज से भगवती प्रसाद चौधरी कांग्रेस से चुनाव लड़ेंगे। 

कांग्रेस की दूसरी सूची में ये हैं 16 उम्मीदवार 

  1. मुरादाबाद से राजब्बर 
  2. कानपुर से श्रीप्रकाश जायसवाल 
  3. सीतापुर से कैसरजहां 
  4. फतेहपुर से राकेश सचान 
  5. नगीना से ओमवती जाटव 
  6. मिश्रिख से मंजरी राही 
  7. खीरी से जफर अली नकवी 
  8. सुल्तानपुर से संजय सिंह 
  9. प्रतापगढ़ से रत्ना सिंह 
  10. मिर्जापुर से ललितेश त्रिपाठी 
  11. बहराइच से सावित्री बाई फुले 
  12. संतकबीरनगर से परवेज खान 
  13. मोहनलालगंज से रमाशंकर भार्गव 
  14. बांसगांव से कुश सौरभ 
  15. लालगंज से पंकज मोहन सोनकर 
  16. राबर्ट्सगंज से भगवती प्रसाद चौधरी