Saturday, May 4सही समय पर सच्ची खबर...

बांदा में आज फिर दो लोगों की ठंड लगने से मौत, मरने वालों में महिला भी शामिल, कई की हालत गंभीर

प्रतिकात्मक फोटो।

समरनीति न्यूज, बांदाः बुंदेलखंड में ठंड से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बांदा जिले में रविवार को एक महिला समेत दो लोगों की ठंड लगने से मौत हो गई। दोनों ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ा। मरने वालों में एक 30 साल की विवाहिता भी शामिल है। बताया जाता है कि अन्नू देवी (30) पत्नी दिनेश कुमार निवासी ग्राम कुचैंदू थाना क्षेत्र बबेरू की बीती शाम ठंड लगने के बाद हालत बिगड़ गई।

लगातार हो रही हैं ठंड से मौतें  

परिवार के लोगों ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में लाकर भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। चिकित्सकों ने उनको बचाने का भरपूर प्रयास किया। लेकिन रविवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ेंः बीते 24 घंटे में बांदा में काल बनी ठंड ने ली 4 लोगों की जान, मरने वालों में दो किसान भी शामिल  

इसी तरह देहात कोतवाली क्षेत्र के छहरांव गांव निवासी मंगल सिंह (65) की बीती शाम तबियत बिगड़ गई। उन्होंने परिवार के लोगों से सीने में दर्द की शिकायत की। परिजन गंभीर हालत में उनको लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया। लगातार गंभीर हालत के दौरान रविवार को उन्होंने भी दम तोड़ दिया। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। इस दौरान कई लोगों को ठंड से बीमारी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।