Thursday, May 9सही समय पर सच्ची खबर...

बांदा के समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार बीडी गुप्ता का निधन

बीते कुछ दिनों से बीमारी के चलते कानपुर और लखनऊ में करा रहे थे इलाज  

समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार बीडी गुप्ता। (फाइल फोटो)

बांदाः  बुंदेलखंड में पहचान रखने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी भगवान दान गुप्ता का बुधवार को निधन हो गया। वे 82 वर्ष के थे। उनके निधन से लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। श्री गुप्ता ने बांदा में स्थित ऐतिहासिक धरोहर कालिंजर के विकास को लेकर बढ़-चढ़कर काम किया।

इतना ही नहीं कालिंजर के विकास के लिए लखनऊ से लेकर दिल्ली तक कई बार मंत्रियों से मिले। इतना ही नहीं अपने स्तर से कई प्रयास करके उन्होंने कालिंजर के विकास को बजट भी पास कराया।

बताया जाता है कि वे पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे और उनका लखनऊ और इलाहाबाद में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उनका बुधवार को निधन हो गया।

उनके निधन की सूचना से बांदा स्थित उनके आवास पर शोक व्यक्त करने के लिए लोगों का तांता लगने लगा। उनके साथ कालिंजर के विकास की दिशा में काम कर रहे कई गणमान्य लोगों के अलावा अधिकारियों में भी शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके निधन पर शोक जताने उनके घर पहुंचे। बुधवार को बांदा में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर परिवार के लोगों के अलावा जानने वाले लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कालिंजर महत्व के विषय पर चर्चा करते बीडी गुप्ता। (फाइल फोटो)

कुछ माह पहले मुख्यमंत्री योगी से मिलकर कालिंजर के विकास पर की थी चर्चा 

सादा जीवन जीने वाले बीडी गुप्ता पूरी तरह से बांदा की ऐतिहासिक धरोहर कालिंजर के विकास के लिए समर्पित रहे। कुछ दिन पहले उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर कालिंजर के महत्व पर चर्चा की थी। व्यक्तिगत स्वार्थों को त्यागते हुए समाज के हित में काम किया।

वे लंबे समय तक पत्रकारिता से भी जुड़े रहे। उन्होंने टाइम्स आफ इंडिया जैसे ग्रुप में बांदा से पत्रकारिता भी की। साहित्य में विशेष रूचि रखने वाले श्री गुप्ता ने कई कार्यक्रमों के जरिये भी लोगों का ध्यान कालिंजर और बांदा में दूसरी ऐतिहासिक धरोहरों की ओर दिलाया। उनका मकसद कालिंजर को पर्यटक स्थल के रूप में मान्यता दिलाकर इसे विश्वपटल पर उभारने का था।

श्री गुप्ता के निधन पर बांदा के प्रमुख व्यवसाई संजय गुप्ता, समाजसेवी वासिफ जमां खान, व्यवसाई, भुवनेंद्र रावत, इंदु गुप्ता, मुन्ना शर्मा, भाजपा नेता अजीत गुप्ता आदि  ने शोक व्यक्त किया।