Friday, May 10सही समय पर सच्ची खबर...

काव्यपाठ की छांव में धूमधाम से मनाया वृक्षारोपण महोत्सव

राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में पौधरोपण करते अतिथिगण।

समरनीति न्यूज, बांदाः शहर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय  राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज हरदौली में  वृक्षारोपण महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध कवि डॉ चंद्रिका प्रसाद दीक्षित ‘ललित, जी और अध्यक्षता समाज कल्याण के उप निदेशक एसएन त्रिपाठी ने की। विशिष्ट अतिथि के रुप में प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक और राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य आरके सिंह उपस्थित रहे। उपनिदेशक एसएन त्रिपाठी ने कहा कि वृक्षारोपण करके हम  समाज में अपनी उपादेयता सिद्ध करते हैं। वृक्षों को लगाना और उनकी रक्षा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि कमिश्नर शरद कुमार सिंह को वृक्षों से गहरा लगाव है और उन्होंने स्वयं कमिश्नरी कैंप कार्यालय में अपने हाथों से वृक्षारोपण किया है।

काव्यपाठ की छांव बरसी, हर कोई हुआ निहाल 

पंडित जेएन कॉलेज डिग्री कालेज के सेवानिवृत्त प्रोफेसर और जाने माने कवि डाॅ चंद्रिका प्रसाद दीक्षित ‘ललित’ ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच काव्य पाठ किया। उन्होंने वृक्षों की उपयोगिता को काव्य के जरिये लोगों को समझाने का प्रयास किया। कहा कि..

“धरा का हरित वितान करो, राष्ट्र को और महान करो, 

वृक्ष रहेंगे तो धरती में हरियाली होगी, पेड़ रहेंगे तो घर घर में खुशहाली होगी। 

फल देंगे यह छाया देंगे,ये जीवनदाता।

है मनुष्य जीवन से इनका सांसो का नाता। 

पर्यावरण बचाने को मंगल अभियान करो,

राष्ट्र को और महान करो।

वृक्ष ना होंगे तो जीवन दूभर हो जाएगा,

प्रकृति शून्य होकर मनुष्य जिंदा मर जाएगा।

वृक्षों की छाया के नीचे बुद्ध महान हुए,

चंदन के बिरवे से तुलसी को भगवान मिले।

वृक्ष लगाकर बुद्ध देवता का सम्मान करो।

धरा का हरित वितान करो।”

राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में पौधरोपण का महत्व बताते अतिथिगण।

अन्य लोगों ने भी बताया वृक्षारोपण का महत्व 

कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज बांदा के प्रधानाचार्य और प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक आरके सिंह ने छात्रों को वृक्षारोपण का महत्व बताया।वृक्षारोपण गोष्ठी के बाद अतिथियों ने विद्यालय परिसर में एक-एक करके वृक्षारोपण किया। डॉक्टर चंद्रिका प्रसाद दीक्षित ने अपने नाम से एक वृक्ष लगाया।

ये भी पढ़ेंः बुंदेलखंड में नई पहलः कमिश्नर ने अफसरों को मीटिंग के बाद सौंपे पौधे, कहा- आप भी ऐसा ही करें

राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य और उप निदेशक ने भी एक-एक वृक्ष रोपित किया। विद्यालय के छात्रों ने भी वृक्षारोपण किया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य रोहित प्रसाद, अमित पांडे, संजीव कुमार सहित छात्र उपस्थित रहे। संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता गुंजन देवी त्रिपाठी द्वारा किया गया।

ये भी पढ़ेंः ओवरलोडिंग को रोकने के लिए NHAI के दांव की उड़ी ‘खिल्ली’, बुंदेलखंड से लेकर कानपुर तक हालात बेकाबू