Sunday, May 5सही समय पर सच्ची खबर...

विभाग की सुस्त रफ्तार के चलते बांदा में 10 घंटे गुल रही बत्ती

समरनीति न्यूज, बांदाः बिजली विभाग की लापरवाही के चलते शुक्रवार को बांदा शहर 10 घंटे से ज्यादा समय बिना बिजली के रहा। इससे पूरे शहर की व्यवस्था लड़खड़ा गई। व्यवसाय पर तो असर पड़ा ही साथ में आम आदमी भी भीषण गर्मी में बुरी तरह से तिलमिला गया। लोगों को गर्मी में पंखे और कूलर का सहारा नहीं मिला।

विभाग के अधिकारियों का कहना है कि चिल्ला रोड पर 132 केवीए के पावर हाउस में तकनीकि खराबी आ गई है जिसे दुरुस्त कराया जा रहा है। बताया जाता है कि सीटी नामक उपकरण फुंक गया था जिसे बदला जाना था। इस काम को पूरा करने में विभाग के कर्मचारियों ने 10 घंटे लगा दिए। लोगों को सही बात नहीं बताई गई। कभी कहा 2 बजे तक बिजली आ जाएगी। कभी 4 बजे का समय बताया। इसके बाद कहा गया कि 7 भी बज सकते हैं। इस कारण आम जनता परेशानी में घिरी नजर आई।

शाम को साढ़े पांच बजे के बाद बिजली आई। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। साथ ही विभाग की लापरवाही पर नाजारगी भी जताई।